नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के अध्यक्ष नितिन नबीन ने पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय महासचिवों के साथ गुरुवार को बैठक कर उत्तर प्रदेश और पंजाब समेत कई राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की रणनीति पर चर्चा की. बीजेपी मुख्यालय में तीन घंटे से अधिक समय तक चली बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, राज्यसभा सदस्य विनोद तावड़े और सतीश पूनिया समेत सभी नवनियुक्त राष्ट्रीय महासचिव शामिल हुए.
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष भी बैठक में मौजूद थे. नितिन नबीन ने बैठक के बाद एक्स पर एक पोस्ट में कहा, बीजेपी मुख्यालय में नवनियुक्त राष्ट्रीय महासचिवों के साथ पहली संगठनात्मक बैठक की अध्यक्षता की. बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि संगठनात्मक तैयारियों और विभिन्न राज्यों में आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की.
इन राज्यों में होंगे विधानसभा चुनाव
पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, हिमाचल प्रदेश और गुजरात में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं. इनमें पंजाब और हिमाचल प्रदेश को छोड़कर शेष पांच राज्यों में बीजेपी सत्ता में है. पंजाब में वर्तमान में आम आदमी पार्टी (आप) जबकि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है.
नियुक्त राष्ट्रीय महासचिवों की पहली बैठक
बीजेपी अध्यक्ष ने हाल में विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश में पार्टी के राजनीतिक मामलों का प्रभारी नियुक्त किया है. सतीश पूनिया को पंजाब में पार्टी मामलों का प्रभारी बनाया गया है. ईरानी ने बाद में एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि बीजेपी मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की अध्यक्षता में नवनियुक्त राष्ट्रीय महासचिवों की पहली बैठक हुई.
एक महीने का सेवा संकल्प अभियान
उन्होंने कहा कि पार्टी और संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों के साथ-साथ विभिन्न राज्यों में होने वाले आगामी चुनावों पर सार्थक चर्चा हुई और सेवा संकल्प अभियान की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के प्रमुख के रूप में सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में बीजेपी 17 सितंबर से देशभर में एक महीने का सेवा संकल्प अभियान शुरू करेगी. यह निर्णय 22 अगस्त को हुई पार्टी की बैठक में लिया गया था.












