लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नकल माफियाओं को मिट्टी में मिला देने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि नकल माफिया मिट्टी में मिलेंगे, कोई रोक नहीं सकता है माफिया को मिट्टी में मिलने से। उन्होंने कहा कि हम आभारी है प्रधानमंत्री मोदी के प्रति जिन्होंने छात्रों के भविष्य को देखते हुए पिछले तीन दिन के अंदर बड़े-बड़े निर्णय लिए हैं। कल केंद्रीय कैबिनेट ने निर्णय लिया है कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले नकर माफियाओं को कम से कम 10 साल की सजा और 10 करोड़ रुपए का जुर्माना लगेगा। कैबिनेट ने यह बिल मंजूर कर लिया है। सोमवार को देश की संसद में यह बिल आने वाला है।
शनिवार को उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने ये बातें कहीं। सीएम योगी का यह बयान ऐसे वक्त में सामने आया है जब NEET पेपर लीक को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों-युवाओं का प्रदर्शन चल रहा है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आह्वान पर शुरू हुआ ये प्रदर्शन धीरे-धीरे अब कई राज्यों में फैल चुका है। पीएम मोदी ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर पर्चा लीक करने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की बात कही है।
सीएम योगी ने कहा कि जिन्होंने युवाओं का शोषण किया और छात्रों के जीवन को अंधकारमय बना दिया था, आज वे समाजवादी पार्टी और कांग्रेस किस प्रकार से घड़ियाली आंसू बहाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि नकल माफिया कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की विरासत हैं। इन्होंने ही इन्हें पाला था। यही लोग इन्हें पालते और आगे बढ़ाते थे। सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जो घोषणा की है उससे स्पष्ट है कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का जिसने भी दुस्साहस किया है वह बचेगा नहीं। उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फतेहपुर की जनसभा में सीएम योगी ने कहा कि 2012 से लेकर 2017 के बीच में जितनी भी भर्तियां निकलीं, सब विवादित हुईं। पिछली सरकार में किसी मर्यादा का ख्याल नहीं रखा गया। कहीं भी योग्य लोगों को नौकरी नहीं मिलती थी। डबल इंजन की सरकार आने के बाद प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जो परिवर्तन हुआ, आज वह आप सबके सामने है।
सीएम योगी ने कहा कि अकेले उत्तर प्रदेश में पिछले सवा नौ सालों में नौ लाख से अधिक नौजवानों को सरकारी नौकरी उपलब्ध करवाई है। एक भी नौकरी सिफारिश या घूस के आधार पर नहीं मिली। आज उत्तर प्रदेश में बिना किसी भेदभाव के सभी नौजवानों को उनकी योग्यता के अनुसार नौकरी मिल रही है। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ किसी ने भी खिलवाड़ करने का दुस्साहस किया तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।












