वाराणसी : प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत लगातार लोगों को सोलर लगाए जाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है. अब बड़ी संख्या में लोग सोलर सिस्टम इंस्टॉल कर रहे हैं. शहरों में सोलर सिस्टम इंस्टॉल करने वाले या किसी दिक्कत पर इसके देखभाल करने वाले टेक्नीशियन मिल जाते हैं, लेकिन ग्रामीण अंचलों में समस्या होती है. इसी समस्या के समाधान के लिए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) की ओर से नई पहल की जा रही है. गांवों में महिला सोलर टेक्नीशियन की टीम तैयार की जाएगी.
बता दें, वर्तमान समय में बिजली की बचत के लिए हर कोई सोलर इंस्टॉल करवा रहा है. शहर हो या ग्रामीण क्षेत्र हर जगह तेजी से लगाया जा रहा है.ऐसे में लोगों तक सोलर टेक्नीशियन की पहुंच सस्ते दरों पर सहजता के साथ उपलब्ध हो सके. इसी के तहत राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन में सोलर टेक्नीशियन तैयार करने का प्लान किया है. जिसके तहत स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हुई महिलाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर न सिर्फ उनको रोजगार से जोड़ा जाएगा, बल्कि आम आदमी को सहजता के साथ सोलर टेक्नीशियन भी उपलब्ध कराया जाएगा.
NRLM के डीसी पवन कुमार सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में सोलर रूफटॉप लगाए जा रहे हैं. जैसे-जैसे घरों में सोलर रूफटॉप की संख्या बढ़ रही है, वैसे-वैसे इसकी भी आवश्यकता महसूस की जा रही है कि उन रूफ़टॉप के देखभाल करने के लिए सोलर टेक्नीशियन जो हमारे कस्बा गांव के बगल के रहने वाले हो मिल सकें. जिससे जैसे ही हमें आवश्यकता हो वो उपलब्ध हो जाए वह भी सस्ते दर पर. इसी आवश्यकता की पूर्ति के लिए हम लोगों ने शुरुआत की है. जिसके तहत तकनीक की जानकारी रखने वाली समूह की महिलाएं को ट्रेनिंग देकर उनको टेक्नीशियन के रूप में तैयार करने का प्रयास है.
25 से 250 टेक्नीशियन होंगी तैयार : डीसी पवन कुमार सिंह के अनुसार आने वाले समय में यही महिलाएं टेक्नीशियन के रूप में न सिर्फ सोलर रूफटॉप लगवाने में आगे आएंगी, बल्कि मेंटिनेंस भी करेंगी. इसके लिए हम लोगों ने कंपनी के साथ ट्रेनिंग का प्लान किया है. पहले फेज में 25 महिलाओं को लिया जाएगा. इसके बाद छोटा इंस्टिट्यूट तैयार हो रहा है, जिसके बन जाने से लगभग ढाई सौ महिलाओं को ट्रेनिंग दी सकेगी.












