नई दिल्ली। दिल्ली सरकार की महत्वाकांक्षी ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ को कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद राजधानी की महिलाओं में उत्साह देखने को मिल रहा है. बुधवार को दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से दर्जनों महिलाएं दिल्ली सचिवालय पहुंचीं और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया.
महिलाओं ने कहा कि सरकार ने चुनाव के दौरान जो वादा किया था उसे पूरा करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. इस अवसर पर सभी समुदायों की महिलाएं मौजूद रहीं. उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं के लिए बड़ी राहत साबित होगी.
मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचीं महिलाओं ने कहा कि हर महीने मिलने वाली 2,500 रुपये की वित्तीय सहायता से घरेलू जरूरतों को पूरा करने में काफी मदद मिलेगी. इसके साथ ही महिलाओं को आर्थिक रूप से अधिक आत्मनिर्भर बनने का मौका भी मिलेगा. महिलाओं ने उम्मीद जताई कि योजना का लाभ समय पर मिलेगा. इससे हजारों परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी.
दिल्ली के मयूर विहार से सचिवालय पहुंचीं दीप्ति जोशी ने कहा कि दिल्ली लक्ष्मी योजना महिलाओं के लिए बेहद लाभकारी साबित होने वाली है. उन्होंने कहा कि गरीब व जरूरतमंद महिलाओं को हर महीने मिलने वाली सहायता राशि से उनके परिवारों को राहत मिलेगी. हम मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करने आए हैं. सरकार ने महिलाओं के हित में बड़ा फैसला लिया है. इससे लाखों परिवारों को फायदा मिलेगा.
विनोद नगर निवासी मिली श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि चुनाव के दौरान महिलाओं से जो वादा किया गया था. अब उसे पूरा किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि अगर रक्षाबंधन पर पहली किस्त हमारे खाते में आती है तो सबसे पहले उन पैसों से अपने भाई के लिए राखी और मिठाई खरीदूंगी. ये रक्षाबंधन हमारे लिए और भी खास होगा. सरकार ने महिलाओं की भावनाओं का सम्मान किया है और हम इसके लिए आभार व्यक्त करते हैं.
मयूर विहार की अनीता अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महिलाओं से किया गया वादा निभाया है. उन्होंने कहा कि हर महीने 2,500 रुपये मिलने से महिलाओं को आर्थिक मजबूती मिलेगी. वे अपनी छोटी-बड़ी जरूरतें स्वयं पूरी कर सकेंगी. अनीता ने कहा कि मैं इस राशि को खर्च करने के बजाय बचत करना चाहूंगी, जिससे भविष्य में जरूरत पड़ने पर इसका उपयोग कर सकूं. महिलाओं के खातों में नियमित पैसे आने से उनकी आर्थिक भागीदारी भी बढ़ेगी और यह देश की प्रगति में भी योगदान देगा.
दिल्ली मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली लक्ष्मी योजना केवल आर्थिक सहायता प्रदान करने वाली योजना नहीं है, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर, सशक्त व सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने का व्यापक प्रयास है. सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र महिला तक योजना का लाभ पूरी पारदर्शिता और सरल प्रक्रिया के माध्यम से पहुंचाना है.
उन्होंने यह भी बताया कि 1 अगस्त से दिल्ली लक्ष्मी योजना का पोर्टल प्रारंभ होगा. इसके माध्यम से पात्र महिलाएं ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पात्रता सत्यापन एवं स्वीकृति की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद रक्षाबंधन के अवसर पर प्रथम चरण की लाभार्थी महिलाओं को पहली किस्त प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है और भविष्य में भी महिलाओं के कल्याण से जुड़े अनेक जनहितकारी निर्णय लिए जाते रहेंगे. महिलाओं का विश्वास ही सरकार की सबसे बड़ी शक्ति है और सरकार सदैव उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी.












