नई दिल्ली: झारखंड की राजधानी रांची से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहाँ देश के शीर्ष नेताओं को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी दी गई है। रांची जिले के नगरी पुलिस थाने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो बनाने और उन्हें धमकी देने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नगरी मंडल अध्यक्ष रितेश राज महतो की लिखित शिकायत के आधार पर शनिवार को की गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान नगरी थाना क्षेत्र के साहेर गांव निवासी अलीम अंसारी के रूप में हुई है।
सोशल मीडिया पर शेयर किया था आपत्तिजनक वीडियो
पीटीआई भाषा के मुताबिक आरोप है कि अलीम अंसारी ने सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक वीडियो साझा किया था, जिसमें उसने प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और सीएम योगी आदित्यनाथ के खिलाफ बेहद भद्दी और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। इसके साथ ही वीडियो में उन्हें खुलेआम जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपी ने इस तरह का भड़काऊ वीडियो पोस्ट करके क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द और शांति व्यवस्था को नुकसान पहुँचाने का प्रयास किया है, जो कि संवैधानिक पदों का सीधा अपमान है।
नगरी थाना प्रभारी अभिषेक राय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की बहुत ही बारीकी से जांच कर रही है और डिजिटल साक्ष्यों को इकट्ठा किया जा रहा है। जांच प्रक्रिया पूरी होते ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












