लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को नोएडा में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि आप सब यूपी की छवि में आए बदलाव को देख रहे हैं। 9 साल पहले उत्तर प्रदेश कैसा था और आज कैसा है? गौतम बुद्ध नगर को ही देख लें। साल 2017 से पहले गौतम बुद्ध नगर जिले को मुख्यमंत्रियों के लिए ‘मनहूस’ माना जाता था। वे गौतम बुद्ध नगर जिले में आने से डरते थे। इसके साथ ही सीएम योगी ने गौतम बुद्ध नगर से जुड़ा एक रोचक किस्सा भी सुनाया।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 9 साल पहले का उत्तर प्रदेश कैसा था और आज का यूपी कैसा है। गौतम बुद्ध नगर जिला तो साल 2017 के पहले के मुख्यमंत्रियों के लिए शापित था। पूर्व के मुख्यमंत्री डर के मारे गौतम बुद्ध नगर जिले में नहीं आते थे। मुझे याद है 2017 में जब मेरे सीएम बनने के बाद प्रधानमंत्री जी यहां आ रहे थे। तब गौतम बुद्ध नगर में मेट्रो का उद्घाटन था।
योगी ने दिया था चौंकाने वाला जवाब
सीएम योगी आदित्यनाथ ने आगे बताया कि उस समय प्रधानमंत्री कार्यालय से एक संदेश आया था कि आप इसके लिए किसी मंत्री को नियुक्त कर सकते हैं। मैंने पूछा कि क्या कोई विशेष बात है तो उनका कहना था कि नोएडा के बारे में मान्यता है कि वहां सीएम नहीं जात हैं। मैंने तब कहा कि मैं तो इस समय नोएडा में ही मौजूद हूं। वह हैरान रह गए।
मैं अपशकुन की बातें नहीं मानता हूं
सीएम ने आगे कहा कि मैंने उनसे बताया कि मैं प्रधानमंत्री जी के कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा कर रहा हूं। इस पर उन्होंने कहा कि सीएम का आना बहुत आवश्यक नहीं है। केवल जरूरी प्रोटोकॉल को लेकर सतर्क होने की जरूरत है। मैंने कहा कि मैं इन सब अपशकुन की बातों को नहीं मानता हूं। मैं आध्यात्मिक व्यक्ति हूं।
जनता ने दी है जिम्मेदारी तो समाधान निकालेंगे
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मेरा कहना था कि जब जनता ने भाजपा को जनादेश दिया है, जनता ने अपनी समस्या के समाधान की जिम्मेदारी यदि BJP सरकार को दी है तो हम समाधान का रास्ता निकालेंगे। तब हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती बिल्डर और बायर की आई थी। हमारी सरकार ने सबको बैठाया और समाधान निकाला था। हमने एक साल में सवा लाख खरीदारों को आवास उपलब्ध कराए थे। बाद में कुछ लोग सुप्रीम कोर्ट भी चले गए थे। आगे जब समाधान नहीं निकला था तो हमने नीति आयोग की मदद ली। हमने कमेटी बनाकर 3 लाख खरीदारों को मकान उपलब्ध कराए हैं।












