वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी से शिक्षकों के कैशलेश उपचार के लिए योजना की शुरुआत की है। इसके तरह परिवार का पांच लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज हो सकेगा। हालांकि इसके बारे में अधिक जानकारी शिक्षकों को नहीं है लेकिन विभाग के स्तर पर अब आगे शिक्षकों के लिए योजना का लाभ देने की तैयारी गति पकड़ने जा रही है।
मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आरंभ की गई एक महत्वपूर्ण कल्याणकारी योजना है। इस योजना के अंतर्गत राज्य के शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारों को प्रति वर्ष पांच लाख तक मुफ्त इलाज (कैशलेस चिकित्सा) की सुविधा प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी से इस योजना का शुभारंभ किया है।
इस योजना की प्रमुख विशेषताएं और लाभ –
- मुफ्त स्वास्थ्य सुरक्षा: आयुष्मान भारत योजना की तर्ज पर, पात्र परिवारों को हर साल ₹5 लाख तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध होगा।
- अस्पतालों का विकल्प: मरीज चिन्हित सरकारी और पैनल में शामिल (एम्पैनल्ड) निजी अस्पतालों में बिना किसी एडवांस भुगतान के इलाज करा सकेंगे।
- एक्सीडेंटल बीमा: इस योजना के तहत बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों और कर्मचारियों को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के माध्यम से एक 1 करोड़ का दुर्घटना बीमा कवर भी प्रदान किया जाएगा।
- व्यापक कवरेज: योजना के अंतर्गत गंभीर बीमारियों, सर्जरी, हृदय रोग, कैंसर और किडनी रोग सहित लगभग 1900 से अधिक मेडिकल पैकेजों को शामिल किया गया है।
- स्वास्थ्य कार्ड: लाभार्थियों को इलाज के लिए विशेष कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए जाएंगे।
इस योजना का लाभ उत्तर प्रदेश के लगभग 12 लाख शिक्षकों और कर्मचारियों को मिलेगा-
- बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के राजकीय, सहायता प्राप्त और अनुदानित स्कूलों के शिक्षक।
- शिक्षणेत्तर (Non-teaching) कर्मचारी।
- शिक्षामित्र और अनुदेशक।
- कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (KGBV) की वार्डन व स्टाफ।
- विशेष शिक्षक (Special Educators) और मध्यान्ह भोजन रसोइए।
- भविष्य में इस योजना का विस्तार उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों और स्टाफ के लिए भी किया जाएगा।
लाभार्थियों को इस योजना का लाभ उठाने के लिए आयुष्मान ऐप (Ayushman App) के माध्यम से ई-केवाईसी (e-KYC) करानी होगी। किसी भी प्रकार की सहायता या समस्या के लिए सरकार ने टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं:
- – हेल्पलाइन नंबर: 1800-1800-4444 या 14555
- – आधिकारिक ईमेल: support.sects@sachis.in
यदि आप इस योजना के लिए पात्रता जांचने या हेल्थ कार्ड डाउनलोड करने की प्रक्रिया को भी आनलाइन पूरा किया जा सकता है। इस योजना के माध्यम से उत्तर प्रदेश सरकार ने शिक्षकों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। यह योजना न केवल शिक्षकों के लिए, बल्कि उनके परिवारों के लिए भी एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे उन्हें चिकित्सा सेवाओं का लाभ बिना किसी वित्तीय बोझ के मिल सकेगा।
माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह प्रयास निश्चित रूप से राज्य के शिक्षकों के स्वास्थ्य और कल्याण में एक सकारात्मक बदलाव लाएगा। इस योजना के माध्यम से, सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि शिक्षकों को उनकी मेहनत और समर्पण के लिए उचित सम्मान और सुरक्षा मिले।
मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शिक्षकों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के दृष्टिगत मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा की योजना स्वीकृत करने का निर्णय लिया गया।
कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना के अन्तर्गत प्रदेश के बेसिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक, बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों एवं अनुदानित विद्यालयों एवं स्ववित्त पोषित विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक, शिक्षामित्र, विशेष शिक्षक (CWSN), अनुदेशक, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में कार्यरत वार्डेन, पूर्णकालिक / अंशकालिक शिक्षक / शिक्षिका एवं प्रधानमंत्री पोषण योजना के रसोइया एवं उनके आश्रित परिवार के सदस्य लाभार्थी होंगे।
मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस योजना में प्रति शिक्षक रू. 3000 /- वार्षिक प्रीमियम अनुमानित है। प्रीमियम का भुगतान राज्य सरकार द्वारा किया जायेगा, जिसकी व्यवस्था विभागीय बजट में प्रावधानित है। इस कल्याणकारी योजना के तहत बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के लगभग 12 लाख शिक्षकों एवं रसोइयों के परिवार लाभान्वित होंगे।
इस योजना के अन्तर्गत प्रीमियम के भुगतान हेतु राज्य सरकार द्वारा प्रतिवर्ष लगभग 447 करोड़ रुपये का व्ययभार वहन किया जायेगा।
कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना का क्रियान्वयन साचीज (State Agency For Comprehensive health and Integrated Services) के माध्यम से कराया जायेगा। उक्त सुविधा राजकीय चिकित्सालयों एवं साचीज के साथ सम्बद्ध निजी चिकित्सालयों में अनुमन्य होगी।
यह योजना मुख्य रूप से अस्पताल में भर्ती होने (Hospitalization) वाले इलाजों को कवर करती है। इसके माध्यम से सरकारी एवं सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में गम्भीर बीमारियों, जटिल सर्जरी, कैंसर, हृदय रोग, किडनी रोग सहित लगभग 1900 से अधिक उपचार पैकेजों का लाभ मिलता है। इसमें ओ०पी०डी० सेवा कवर नहीं होती है। बुधवार को वाराणसी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा प्रतीकात्मक रूप में 15 शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का कार्ड प्रदान किया गया।












