अयोध्या: रामनगरी अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को जल्द ही प्रभु श्रीराम की जीवन लीला को आधुनिक तकनीक के माध्यम से करीब से जानने और अनुभव करने का अवसर मिलेगा. अंतर्राष्ट्रीय राम कथा संग्रहालय में भगवान राम के जीवन से जुड़े प्रमुख प्रसंगों को नए और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करने की तैयारी चल रही है.यहां राम जन्म, विवाह और वनवास से जुड़े प्रमुख उत्सवों को 7D तकनीक के माध्यम से जीवंत रूप में प्रदर्शित किया जाएगा.
20 गैलरी की जा रही हैं विकसित
अंतर्राष्ट्रीय राम कथा संग्रहालय के निदेशक संजीव सिंह ने बताया कि संग्रहालय में कुल 20 वीथिकाएं यानी गैलरी विकसित की जा रही हैं. संग्रहालय में प्रवेश करते ही श्रद्धालुओं को राममय वातावरण का अनुभव कराने की योजना है. स्वागत पटल, रिसेप्शन और सोवेनियर ब्लॉक से प्रवेश करने के बाद श्रद्धालुओं के साथ राम कथा का क्रम आगे बढ़ता जाएगा.
उन्होंने बताया कि मुख्य भवन में प्रवेश करते ही पहली वीथिका ‘रामोत्सव’ होगी. इस गैलरी में भगवान राम से जुड़े तीन प्रमुख उत्सवों को केंद्र में रखकर उनकी जीवन यात्रा को प्रस्तुत किया जाएगा. इसमें सबसे पहले भगवान राम के जन्म को रामनवमी के रूप में दिखाया जाएगा. इसके बाद राम और माता सीता के विवाह से जुड़े विवाहोत्सव तथा वनवास पूरा होने के बाद अयोध्या वापसी और दीपोत्सव की कथा को प्रदर्शित किया जाएगा.
राम के जीवन की पूरी घटना मिलती है
संग्रहालय निदेशक के मुताबिक भगवान राम और अयोध्या का संबंध बेहद गहरा है. राम के जीवन के अलग-अलग चरणों में अयोध्या की भूमिका महत्वपूर्ण रही. जन्म के बाद भगवान राम ने अयोध्या में समय बिताया, विवाह के बाद अयोध्या लौटे और वनवास पूरा होने के बाद भी अयोध्या पहुंचे. उनके जीवन से जुड़े इन्हीं प्रमुख पड़ावों को उत्सवों के रूप में अयोध्या में मनाया जाता है. इसी अवधारणा को ध्यान में रखते हुए संग्रहालय की पहली गैलरी का नाम रामोत्सव रखा गया है. यहां श्रद्धालुओं को राम के जीवन और अयोध्या की उत्सव परंपरा के बीच के संबंध को समझने का अवसर मिलेगा.
8 से 9 महीने में पूरा होगा काम
संजीव सिंह ने बताया कि संग्रहालय की सभी वीथिकाओं पर एक साथ काम किया जा रहा है. अलग-अलग गैलरियों के विकास और प्रस्तुतीकरण का कार्य ऑफलाइन स्तर पर चल रहा है.उनका कहना है कि पूरे प्रोजेक्ट को पूरा करने में करीब 8 से 9 महीने का समय लग सकता है. अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह संग्रहालय धार्मिक आस्था के साथ इतिहास, संस्कृति और आधुनिक तकनीक के मेल का नया अनुभव देने की तैयारी में है. 7D तकनीक के जरिए राम जन्म से लेकर विवाह और वनवास के प्रमुख प्रसंगों को जिस तरह प्रस्तुत करने की योजना है, उससे श्रद्धालुओं को राम कथा को नए अनुभव के साथ देखने का अवसर मिलेगा.












