लखनऊ। पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पैतृक स्थली बटेश्वर के विकास के लिए प्रदेश सरकार ने 21 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं. बजट में इसके लिए 30 करोड़ रुपये का प्रस्ताव किया गया था, जबकि तीन परियोजनाओं की कुल लागत 27 करोड़ रुपये आंकी गई थी. बटेश्वर में अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में स्मारक बनाने के साथ श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए पार्किंग समेत अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी.
बटेश्वर में स्मारक और पर्यटक सुविधाओं का विकास
प्रदेश सरकार बटेश्वर को धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित कर रही है. इसी के तहत अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृतियों को भी संजोने की तैयारी है. क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी कार्यालय के प्रस्ताव पर यहां पार्किंग और अन्य सुविधाओं के विकास, प्राचीन मंदिरों की विरासत के संरक्षण तथा अटल की पैतृक स्थली पर टायलेट, कॉम्प्लेक्स और सूचनापरक साइनेज लगाने के काम स्वीकृत किए गए हैं. इसके अलावा म्यूरल वॉल और प्रकाश व्यवस्था भी विकसित की जाएगी.
ताज खेमा में पांच करोड़ से बनेंगी इको हट
ताजमहल के पूर्वी गेट स्थित पर्यटन निगम के होटल ताज खेमा में इको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए पांच करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं. इस राशि से इको हट का निर्माण किया जाएगा. यहां करीब एक दशक पहले बनाए गए स्विस कॉटेज धीरे-धीरे नष्ट हो गए थे. वहीं, कोठी मीना बाजार स्थित कोठी के सुंदरीकरण और पुनरुद्धार के लिए आठ करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं.
बलिदानी शुभम गुप्ता स्मृति स्थल भी बनेगा
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के प्रस्ताव पर कुआंखेड़ा में बलिदानी शुभम गुप्ता स्मृति स्थल के विकास के लिए 50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं. इसके साथ ही खेरागढ़ के भिलावली स्थित हनुमान मंदिर में सुविधाओं के विकास पर एक करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.
इन मंदिरों और धार्मिक स्थलों को भी मिली मंजूरी
आगरा की अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में धार्मिक स्थलों के विकास के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई है. एत्मादपुर के खंदौली स्थित लाल मंदिर, आगरा छावनी के डिफेंस एस्टेट फेज-वन स्थित दुर्गा मंदिर, दक्षिण विधानसभा के शीतला गली स्थित प्राचीन कुटुंबी भैरोंनाथ मंदिर और उत्तर विधानसभा के दयालबाग स्थित बालाजी धाम मंदिर के लिए 1.25-1.25 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं. इसी तरह आगरा ग्रामीण के अकोला स्थित घासी बाबा मंदिर, फतेहपुर सीकरी के अछनेरा-किरावली स्थित मौनी बाबा आश्रम, खेरागढ़ के सैयां ब्लॉक स्थित वृथला के लीला विलास मंदिर और फतेहाबाद के भटाकी पीपरी मेवली खुर्द स्थित शिव मंदिर के विकास के लिए भी 1.25-1.25 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं.












