भोजपुर : भोजपुर जिले के तरारी प्रखंड स्थित ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के देव सूर्य मंदिर परिसर में कराए गए विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लोकार्पण एवं उद्घाटन किया. यह कार्य मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के तहत कराया गया है.
इस अवसर पर भोजपुर के जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा और पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने संयुक्त रूप से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में भाग लिया. कार्यक्रम में तरारी विधायक विशाल प्रशांत, सहायक समाहर्ता, पीरो के अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे.
14.78 करोड़ रुपये की लागत से हुआ मंदिर परिसर का विकास
मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के अंतर्गत पर्यटन विभाग की ओर से देव सूर्य मंदिर परिसर के विकास एवं सौंदर्यीकरण की योजना क्रियान्वित की गई है. इस योजना के लिए कुल 14.78 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है. इसके तहत श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए विभिन्न आधारभूत संरचनाओं का निर्माण कराया गया है.
सामुदायिक भवन से लेकर तालाब के चारों ओर बनेगा पाथवे
योजना के तहत मंदिर परिसर में कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्य कराए गए हैं. इनमें जी+1 सामुदायिक भवन का निर्माण, मंदिर परिसर की चहारदीवारी, तालाब में सीढ़ियों का निर्माण और तालाब के चारों ओर पाथवे का निर्माण शामिल है. इसके अलावा पाथवे पर रेड सैंड स्टोन लगाने, मंदिर परिसर में पाथवे निर्माण, पौधारोपण और मुख्य सड़क के समीप भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण कराया गया है.
द्वापर युग से जुड़ा है देव सूर्य मंदिर का ऐतिहासिक महत्व
देव सूर्य मंदिर का ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टिकोण से विशेष महत्व है. उपलब्ध ऐतिहासिक विवरण के अनुसार, मंदिर का निर्माण द्वापर युग के राजा वरुण तथा चौथी से छठी शताब्दी के बीच गुप्त वंश के शासनकाल से संबंधित बताया जाता है.
मंदिर परिसर में काले पत्थरों और बलुआ पत्थरों से निर्मित भगवान सूर्य की छोटी-बड़ी 12 मूर्तियों सहित लगभग 100 मूर्तियां मौजूद हैं. इनमें कुछ मूर्तियां खंडित हैं, जबकि कई अच्छी अवस्था में हैं. यह मंदिर क्षेत्र की समृद्ध धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है.
धार्मिक और ऐतिहासिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
देव सूर्य मंदिर परिसर में विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य पूरा होने से यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिलेंगी. साथ ही क्षेत्र में धार्मिक एवं ऐतिहासिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा. इससे भोजपुर जिले की समृद्ध सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को नई पहचान मिलने की उम्मीद है.












