नई दिल्ली। प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात में कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक ने आतंकवाद से निपटने की भारत की नीति का एक नया साहसिक उदाहरण पूरी दुनिया के सामने पेश किया है. भारत ने आतंकवादी हमलों का दर्द लंबे समय तक सहा है. 2016 में नियंत्रण रेखा के पार की गई सर्जिकल स्ट्राइक इसका निर्णायक जवाब थी.
हमें करारा जवाब देना आता है: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बीते एक दशक में बालाकोट की एयर स्ट्राइक से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक भारत ने बार-बार ये स्पष्ट संदेश दिया है कि अगर आतंकवादी भारत की ओर आंख उठाकर देखेंगे तो उसका करारा जवाब दिया जाएगा. आज का भारत आतंकवाद के खिलाफ जीरों टॉलरेंस की नीति लेकर चल रहा है और हम इसके नतीजे भी देख रहे हैं.
10 वर्ष पहले 28-29 सितंबर, 2016 को भारतीय सेना ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर सर्जिकल स्ट्राइक की थी. LOC के उस पार जाकर हमारे वीर जवानों ने जिस तरह आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई की थी, वो देख दुनिया हैरान थी.सर्जिकल स्ट्राइक ने डंके की चोट पर पूरी दुनिया के सामने भारत की आतंकवाद विरोधी नीति का एक नया उदाहरण प्रस्तुत किया था.
जनगणना हमारा राष्ट्रीय दायित्व
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश के सभी राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों में जनगणना का पहला चरण लगभग पूरा हो चुका है. 32 करोड़ से अधिक परिवारों की जानकारी दर्ज की जा चुकी है.उत्तराखंड में जनगणना की शुरुआत चमोली के माणा गांव से हुई. माणा को देश का पहला गांव कहा जाता है. जनगणना हम सबका राष्ट्रीय दायित्व है.
उन्होंने कहा कि मैंने 15 अगस्त को भी देशवासियों से आग्रह किया था कि वे जनगणना के लिए अपना समय जरूर निकालें.जनगणना एक राष्ट्रीय जिम्मेदारी है जिसमें हर नागरिक की भूमिका है; लोगों को जनगणना के दौरान ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा का लाभ उठाना चाहिए.
नशा मुक्ति की प्रतिज्ञा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा -हाल ही में देश के लाखों युवाओं ने नशे के विरुद्ध महत्वपूर्ण संकल्प लिया है. युवाओं ने खुद भी नशे से दूर रहने की प्रतिज्ञा ली है और इस संदेश को दूसरों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी ली है, ये सब नशा मुक्त युवा अभियान के तहत हो रहा है. ये अभियान 100 सप्ताह तक चलेगा. पीएम मोदी ने अपने संबोधन में बापू और विश्व हिंदू परिषद के अशोक सिंघल को भी याद किया.












