नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम नेतन्याहू, इजराइल के लोगों और दुनिया भर के यहूदी समुदायों को “Rosh Hashanah” की बहुत-बहुत शुभकामनाएं दी. उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर इसके लिए एक पोस्ट भी शेयर किया. पीएम मोदी ने कहा कि नया साल सभी के लिए शांति, उम्मीद, अच्छी सेहत और निरंतर प्रगति लेकर आए.
यहूदी नव वर्ष, “Rosh Hashanah”, यहूदी धर्म के सबसे पवित्र दिनों में से एक है. ये त्योहार यहूदी महीने ‘तिशरी’ की शुरुआत का प्रतीक है, जो हिब्रू कैलेंडर के अनुसार सातवां महीना है.
इस दिन क्या करते हैं यहूदी समुदाय?
यहूदी समुदाय का मानना है कि इसी दिन ईश्वर ने दुनिया की रचना की थी, जिसमें आदम और हव्वा भी शामिल थे. मुख्य समारोह में चुनिंदा सिनेगॉग में शोफार (सींग वाला वाद्ययंत्र) बजाया जाता है और किसी जलाशय के किनारे सामुदायिक प्रार्थनाएं की जाती हैं. शाम को मोमबत्तियां जलाई जाती हैं और परिवार पारंपरिक भोजन के लिए एकत्र होते हैं. इस भोजन में अक्सर चल्लाह ब्रेड, शहद में डूबे सेब और अनार शामिल होते हैं, जो एक मीठे और समृद्ध नए साल का प्रतीक माने जाते हैं.
रोश हशाना यहूदी कैलेंडर वर्ष 5786 की शुरुआत का प्रतीक है. ये यहूदी धर्म के सबसे महत्वपूर्ण त्योहारों में से एक है. यह दो दिनों तक मनाया जाता है. ये हाई होली डेज (पवित्र दिनों) की शुरुआत थी. इसे विस्तारित सिनेगॉग सेवाओं, पारिवारिक सभाओं में चिंतन और पश्चाताप की प्रार्थनाओं के साथ मनाया जाता है.
इसी साल फरवरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इजराइल की दूसरी यात्रा की थी. इससे पहले 2017 में वो वहां गए थे. प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने भी भारत का दौरा किया था. दोनों देशों ने मुलाकात में आपसी सहयोग पर जोर दिया था.












