नई दिल्ली: देश में रह रहे गद्दारों को खत्म करने के लिए सुरक्षाबलों की टीम लगातार कोशिश कर रही है. देश के कई हिस्सों में इनपर लगाम लगाने के लिए अभियान चलाए जा रहे हैं. अब दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल (NDR) ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और मुंबई अंडरवर्ल्ड नेटवर्क के इशारे पर काम कर रहे 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जांच के दौरान खुलासा हुआ कि इन आरोपियों को दिल्ली में महत्वपूर्ण सरकारी और रणनीतिक प्रतिष्ठानों के साथ-साथ सुरक्षा बलों के जवानों को निशाना बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से हथियार और विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इनका ISI से कनेक्शन भी है. ये दिल्ली, मुंबई , पंजाब से हैं और कुछ विदेशी भी हैं, पकड़े गए लोगों का मुंबई अंडरवर्ल्ड से भी कनेक्शन है. सभी पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के इशारे पर हमला करने आए थे.
इनके पास से काफी मात्रा में हथियार भी बरामद किए गए हैं. इनके पास से पाकिस्तान से लाया गया विस्फोटक भी बरामद किया गया है, इसके अलावा इनके पास से ग्रेनेड और कई हथियार भी मिले हैं. पकड़े गए संदिग्ध पावर प्लांट, न्यूक्लियर प्लांट, बिजली घर, एयरपोर्ट रेलवे स्टेशन को निशाना बनाने की साजिश रच रहे थे.
4 राज्यों में छापेमारी
सीमापर हथियारों की तस्करी को लेकर NIA की टीमों ने उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार और महाराष्ट्र में कुल 12 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया था, इनमें सबसे ज्यादा पांच ठिकाने उत्तर प्रदेश में, तीन महाराष्ट्र में, जबकि राजस्थान और बिहार में दो-दो जगहों पर छापेमारी की गई.
सूत्रों के मुताबिक जांच एजेंसी को इन ठिकानों से हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़े अहम दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और अन्य संदिग्ध सामग्री मिली है. एजेंसी अब जब्त किए गए सामान की जांच कर रही है और कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है.










