नई दिल्ली। भले ही पड़ोसी देश पाकिस्तान अपनी आजादी का 80वां जश्न मना रहा है लेकिन आतंकियों ने इस पाक मौके पर भी पाकिस्तान का दहला रखा है। आलम यह है कि खैबर पख्तूनख्वा प्रांत हो या पंजाब प्रांत का लाहौर, हर जगह दहशतगर्दी की आलम देखने को मिल रहा है।
उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान में शुक्रवार (14 अगस्त) को अज्ञात आतंकवादियों ने एक सुरक्षा जांच चौकी पर हमला कर दिया, जिसमें एक कांस्टेबल की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, आतंकवादियों ने शुक्रवार तड़के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बाजौर जिले में बरंग थाने के अंतर्गत आने वाली कोही सार पुलिस जांच चौकी को निशाना बनाया। इस हमले की जिम्मेदारी तत्काल किसी समूह या व्यक्ति ने नहीं ली है।
वहीं, पंजाब प्रांत में प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के हथियारबंद लोगों ने दो अलग-अलग हमलों में तीन पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या कर दी और चार अन्य लोगों (जिनमें एक राहगीर भी शामिल है) को घायल कर दिया है। लाहौर में ये घटनाएं गुरुवार रात घनी आबादी वाले बादामी बाग इलाके और यतीम खाना चौक (जो प्रतिबंधित तहरीक-ए-लब्बैक पाकिस्तान – TLP का मुख्यालय है) में हुईं। पंजाब के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (DIG) कामरान फैसल ने पत्रकारों को बताया कि TTP से जुड़े संगठन जमात-उल-अहरार ने इन हमलों की जिम्मेदारी ली है।
पुलिस को निशाना बनाकर हुए हमले
उन्होंने कहा कि दोनों हमले पुलिस को निशाना बनाकर किए गए थे। फैसल के अनुसार, बादामी बाग में हुए पहले हमले में कुछ हथियारबंद लोगों ने दो पुलिसकर्मियों पर गोली चलाई और उन्हें गंभीर रूप से घायल हालत में छोड़कर मौके से भाग गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उन्होंने दावा किया कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि इस हमले के पीछे TTP का सदस्य रेहान बट था। रेहान बट का भाई फैज़ान 2024 में पंजाब पुलिस के काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट (CTD) के साथ मुठभेड़ में मारा गया था।
अंधाधुंध गोलीबारी
पुलिस अधिकारी ने कहा, “ऐसा लगता है कि बट ने सब-इंस्पेक्टर अदील आशिक को निशाना बनाया, जो उस CTD टीम का हिस्सा थे जिसने मुठभेड़ में फैज़ान (जो खुद भी TTP का सदस्य था) को मार गिराया था।” उन्होंने यह भी बताया कि फैज़ान कुछ पुलिस अधिकारियों की हत्या में शामिल था। हमले में मारे गए दूसरे पुलिसकर्मी की पहचान असद के तौर पर हुई है। DIG ने आगे बताया कि बादामी बाग की घटना के एक घंटे बाद, कुछ हथियारबंद लोगों ने लाहौर के मुल्तान रोड पर स्थित TLP मुख्यालय पर तैनात पुलिसकर्मियों को निशाना बनाया और उन पर अंधाधुंध गोलीबारी की।
उन्होंने बताया कि तीन कॉन्स्टेबल और एक राहगीर घायल हो गए, जबकि हमलावर तुरंत भाग निकले। कॉन्स्टेबल हारिस की अस्पताल में मौत हो गई, जबकि अन्य दो पुलिसकर्मियों और एक राहगीर की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस अधिकारी ने दावा किया कि दूसरा हमला भी रेहान बट और उसके साथियों द्वारा किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि बट और उसके TTP साथियों के खिलाफ हत्या और आतंकवाद के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज़ ने पुलिस प्रमुख को निर्देश दिया है कि वे राज्य की पूरी पुलिस फ़ोर्स को हाई अलर्ट पर रखें और हमलावरों को पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाने का आदेश दिया है। यह जानकारी उनके कार्यालय से जारी एक बयान में दी गई।












