नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं. वहीं गौतमबुद्ध नगर में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी ने भी चुनावी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है. भाजपा के गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि पार्टी इस बार विकास, सुशासन और केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएगी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने विकास के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ने का काम किया है.
अभिषेक शर्मा ने कहा कि भाजपा चुनाव को विकास और सुशासन के मुद्दे पर लड़ेगी. केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं और पिछले वर्षों में हुए विकास कार्यों को लेकर पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच पहुंचेंगे. उन्होंने कहा कि सरकार के कामकाज के आधार पर एक बार फिर जनता से समर्थन और आशीर्वाद मांगा जाएगा.
प्रदेश में बढ़ रहे रोजगार के अवसर
गौतमबुद्ध नगर में उद्योग और रोजगार पर जोर भाजपा जिलाध्यक्ष ने गौतमबुद्ध नगर के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि जिले में लगातार बड़ी-बड़ी औद्योगिक परियोजनाएं और कंपनियां आ रही हैं. इससे निवेश के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि गौतमबुद्ध नगर समेत पूरे उत्तर प्रदेश में विकास की रफ्तार तेज हुई है और प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि जिले में हो रहे औद्योगिक और बुनियादी ढांचे के विकास को पार्टी चुनाव के दौरान प्रमुख मुद्दे के तौर पर जनता के सामने रखेगी. भाजपा का प्रयास रहेगा कि सरकार की उपलब्धियों को बूथ स्तर तक लोगों तक पहुंचाया जाए.
मोदी-योगी के काम को बनाएगी चुनावी मुद्दा
अभिषेक शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की भी चर्चा की. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश और विश्व स्तर पर भारत की पहचान मजबूत की है, जबकि योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश को विकास की दिशा में आगे बढ़ाने का काम किया है. उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था में सुधार का भी दावा किया और कहा कि सरकार के कामकाज के आधार पर भाजपा जनता के बीच जाएगी. पार्टी का फोकस विकास के साथ सुशासन और सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने पर रहेगा.
युवाओं और महिलाओं को साधने की तैयारी
भाजपा जिलाध्यक्ष ने युवाओं और महिलाओं को लेकर पार्टी की योजनाओं का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से देश के एक लाख युवाओं को राजनीति में आगे आने का आह्वान किया था. भाजपा इसी दिशा में युवाओं को राजनीति से जोड़ने और उन्हें आगे बढ़ाने का काम कर रही है. उन्होंने महिलाओं के लिए रोजगार और केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का भी जिक्र किया. आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताते हुए उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से आम लोगों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है.
Gen Z पर भी भाजपा की नजर
अभिषेक शर्मा ने Gen Z यानी नई युवा पीढ़ी को लेकर भी पार्टी का रुख स्पष्ट किया. उन्होंने कहा कि युवा वर्ग पहले भी भाजपा के साथ रहा है और पार्टी को उम्मीद है कि आगे भी उसका समर्थन मिलेगा. उन्होंने कहा कि युवाओं ने 2014 और 2017 के चुनावों में भाजपा का समर्थन किया था और पार्टी अब उन्हें साथ लेकर आगे बढ़ने की दिशा में काम कर रही है.
कुल मिलाकर गौतमबुद्ध नगर में भाजपा की रणनीति विकास, सुशासन, औद्योगिक निवेश, रोजगार, युवा और महिला कल्याण जैसे मुद्दों के इर्द-गिर्द दिखाई दे रही है. पार्टी नेताओं का मानना है कि केंद्र और प्रदेश सरकार के कामकाज को जनता के बीच मजबूती से रखने से चुनाव में इसका लाभ मिलेगा. अब देखना होगा कि भाजपा का यह विकास आधारित चुनावी एजेंडा गौतमबुद्ध नगर की जनता को कितना प्रभावित करता है.












