संतकबीरनगर : सीएम योगी 11 अगस्त को संतकबीरनगर में 567.76 करोड़ रुपये की 119 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे. इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से जिले में कनेक्टिविटी, सुदृढ़ इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य जनसुविधाओं को एक नया आयाम मिलेगा. सीएम के कार्यक्रम के देखते हुए सोमवार को प्रशासनिक टीम ने पुलिस के साथ तैयारियों का जायजा लिया.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को दोपहर 1:00 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा जिले के कांशीराम स्पोर्ट्स स्टेडियम स्थित अस्थाई हेलीपैड पर पहुंचेंगे. यहां आयोजित विशाल जनसभा और लोकार्पण-शिलान्यास समारोह में 38 पूर्ण हो चुकी विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे और जनता को समर्पित करेंगे. साथ ही विकास को गति देने के लिए 81 नई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का शिलान्यास कर उनकी आधारशिला भी रखेंगे.
इन विकास योजनाओं का सबसे बड़ा लाभ खलीलाबाद और मेंहदावल विधानसभा क्षेत्रों की जनता को मिलने जा रहा है. बजट और परियोजनाओं का विवरण देखें तो खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 70 परियोजनाओं को शामिल किया गया है, जिन पर लगभग 272.95 करोड़ की धनराशि खर्च की जाएगी. मेंहदावल विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए 49 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है, जिन पर कुल 294.80 करोड़ का निवेश किया जाएगा.
इन स्वीकृत परियोजनाओं में मुख्य रूप से ग्रामीण एवं शहरी सड़कों का चौड़ीकरण व निर्माण, पुल व पुलियों का जीर्णोद्धार, पेयजल योजनाएं और सार्वजनिक ढांचागत विकास कार्य शामिल हैं. स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों का मानना है कि इन कार्यों से आवागमन सुगम होगा और व्यापारिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी.
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है. जिलाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि खलीलाबाद और मेंहदावल को कई सौगातें मिलने वाली हैं. कार्यक्रम स्थल कांशीराम स्पोर्ट्स स्टेडियम में सुरक्षा व्यवस्था, वाटरप्रूफ टेंट, बैरिकेडिंग, पार्किंग और हेलीपैड से जुड़ी सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.












