नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली में गंगा नदी पर बने नीतीश सेतु पुल का उद्घाटन किया. इस पुल का नाम बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है. उद्घाटन से पहले पीएम मोदी ने नीतीश कुमार को गले लगाया और पुल पर टहलते हुए गमछा लहराकर लोगों का अभिवादन किया. इसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने बिहार के विकास, गरीबी के खिलाफ लड़ाई और एनडीए सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि जिस बिहार ने दशकों तक बदहाली झेली, उसे नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन का भरोसा मिला.
दशकों की बदहाली से सुशासन की ओर बढ़ा बिहार
पीएम मोदी ने कहा कि करीब तीन दशक पहले बिहार ने उम्मीद और विश्वास की नई राह चुनी थी. जिस बिहार को दशकों तक बदहाली झेलनी पड़ी, उसे नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन का भरोसा मिला. नीतीश कुमार ने कई साल तक बिहार की सेवा की. अब उनके आशीर्वाद से सम्राट चौधरी की टीम राज्य को आगे बढ़ा रही है.
प्रधानमंत्री ने कहा कि एनडीए के शासन में बिहार में विकास की होड़ दिख रही है. हर इलाके में विकास की नई गाथा लिखी जा रही है. उन्होंने दावा किया कि पहले बिहार में घोटालों की गिनती होती थी, लेकिन अब निवेश के आंकड़े पेश किए जाते हैं. एक समय गांवों में बिजली नहीं थी, जबकि आज बिहार बिजली उत्पादन का केंद्र बन रहा है.
गरीबी के खिलाफ अभियान में बिहार का बड़ा योगदान
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश गरीबी के खिलाफ लड़ाई जीत रहा है. जब साफ नीयत से काम होता है, तो उसके नतीजे भी दिखते हैं. उन्होंने कहा कि जिस देश में कांग्रेस गरीबी हटाओ के नारे लगाती रही, वहां बीते 12 वर्षों में 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया. यह सरकार की इच्छाशक्ति का परिणाम है. गरीबी के खिलाफ देश यह लड़ाई इसलिए जीत रहा है, क्योंकि गरीब सरकार की प्राथमिकता हैं.
पीएम मोदी ने कहा कि सरकार ने गरीबों को घर और इलाज की सुविधा दी. बिजली और पानी पहुंचाकर करोड़ों लोगों को सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर दिया. इससे गरीबों के भीतर आत्मविश्वास जगा है. उन्होंने कहा कि गरीबी के खिलाफ अभियान में बिहार का बड़ा योगदान है. डबल इंजन सरकार ने योजनाओं को लोगों के घर तक पहुंचाने के लिए मेहनत से काम किया है.
बिहार में 43 लाख लोगों को मिले पक्के मकान
प्रधानमंत्री ने बिहार में गरीबों के लिए चलाई जा रही योजनाओं का आंकड़ा भी बताया. उन्होंने कहा कि राज्य में 43 लाख लोगों को पक्के मकान दिए गए हैं. बिहार के 75 लाख किसानों के खातों में पीएम किसान सम्मान निधि के तहत हजारों करोड़ रुपये भेजे गए हैं. पीएम आवास योजना के तहत भी हजारों परिवारों को उनके पक्के घरों की चाबियां सौंपी गई हैं.
एक साल में दो लाख करोड़ के निवेश समझौते
पीएम मोदी ने कहा कि डबल इंजन सरकार में पिछले एक साल के दौरान बिहार में दो लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते किए गए हैं. सिंचाई के लिए 12 घंटे बिजली सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया है. वहीं, एक साल में 200 से अधिक डिग्री कॉलेज खोले गए हैं.
उन्होंने कहा कि बिहार के विकास की सूची इतनी लंबी है कि इसे किसी एक मंच से गिनाया नहीं जा सकता. बिहार के विकास को यहां आकर महसूस किया जा सकता है. प्रधानमंत्री ने शहरी यातायात को बेहतर बनाने के लिए 100 आधुनिक पीएम ई-बसों को हरी झंडी दिखाने का भी जिक्र किया.
नीतीश सेतु को बताया सेवा और समर्पण का सम्मान
प्रधानमंत्री ने गंगा नदी पर बने पुल को जनता को समर्पित करते हुए इसके नामकरण का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि इस पुल का नाम नीतीश कुमार के सम्मान में रखा गया है. यह उनके सेवा और समर्पण के सम्मान का प्रतीक है.
पीएम मोदी ने कहा कि इस पुल से पटना और वैशाली के बीच दूरी और आवागमन की दिक्कतें कम होंगी. फल, सब्जियां और दूध जैसे उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाना आसान होगा. इससे बच्चों को पढ़ाई और बुजुर्गों को दवाई के लिए आने-जाने में भी सहूलियत मिलेगी.
छठी मैया के आशीर्वाद से मना रहे विकास का पर्व
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने छठ महापर्व का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि छठी मैया के आशीर्वाद से विकास का यह पर्व मनाया जा रहा है. लोक आस्था का महापर्व छठ अभी संपन्न हुआ है. माताओं और बहनों ने कठिन व्रत कर परिवार, समाज और पूरे जगत के मंगल की कामना की है.
पीएम मोदी ने कहा कि लोकतंत्र की ताकत को जनकल्याण का माध्यम बनाया गया है. इसी वजह से एनडीए सरकार के कार्यकाल का एक साल पूरा होने पर इस आयोजन के लिए लोकतंत्र की महान धरती वैशाली को चुना गया. उन्होंने वैशाली की मिट्टी को नमन किया.
रामविलास पासवान के सपनों का भी किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान को भी याद किया. उन्होंने कहा कि उनके मित्र रामविलास पासवान की आत्मा जहां भी होगी, हम पर फूलों की बारिश करती होगी, क्योंकि उनके सपने भी साकार हो रहे हैं. पीएम मोदी ने कहा कि बिहार को आगे बढ़ाने के लिए न रुकना है और न थकना है. एनडीए के सभी दलों को मिलकर समर्थ और आत्मनिर्भर भारत के लिए काम करना है












