लखनऊ: प्रदेश के मेधावी और आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को प्रशासनिक सेवाओं में आगे बढ़ाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. समाज कल्याण विभाग ने सत्र 2026-27 के लिए संचालित निःशुल्क आवासीय IAS/PCS परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्रों में प्रवेश सम्मिलित प्रवेश के लिए परीक्षा का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर लगातार जोर दे रही है. इसी क्रम में समाज कल्याण विभाग द्वारा प्रदेश में संचालित 8 आवासीय प्रशिक्षण केंद्रों में दाखिले की प्रक्रिया शुरू की जा रही है.
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने बताया कि सरकार का उद्देश्य ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ाना है, जो आर्थिक अभाव के कारण उच्च स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पाते.
समाज कल्याण विभाग के निदेशक संजीव सिंह के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 18 मई 2026 से शुरू होकर 18 जून 2026 तक चलेगी. अभ्यर्थी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट समाज कल्याण विभाग वेबसाइट पर आवेदन कर सकेंगे.
महत्वपूर्ण तिथियां
- ऑनलाइन आवेदन शुरू : 18 मई 2026
- आवेदन की अंतिम तिथि : 18 जून 2026
- प्रवेश पत्र डाउनलोड : 25 जून 2026 से
- प्रवेश परीक्षा : 05 जुलाई 2026
- परिणाम संभावित : 28 जुलाई 2026
- नया शैक्षणिक सत्र शुरू : 01 अगस्त 2026
कौन कर सकता है आवेदन?
- अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के अभ्यर्थी.
- वे जिनके परिवार की वार्षिक आय 6 लाख रुपये या उससे कम हो.
मिलेगी ये सुविधाएं: इन आवासीय प्रशिक्षण केंद्रों में चयनित अभ्यर्थियों को निःशुल्क आवास, भोजन, पुस्तकालय, ऑनलाइन एवं ऑफलाइन क्लासेज, टेस्ट सीरीज, मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू की विशेष तैयारी कराई जाएगी. साथ ही विषय विशेषज्ञों और वरिष्ठ IAS एवं PCS अधिकारियों द्वारा मार्गदर्शन भी दिया जाएगा. समाज कल्याण विभाग के मुताबिक, हाल ही में घोषित UPPCS-2024 परीक्षा में इन प्रशिक्षण केंद्रों से तैयारी करने वाले 44 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया.










