पटना। पटना के होटल मौर्य में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उद्योग लगाने वालों के लिए बड़ा ऐलान किया. उन्होंने कहा कि अब बिहार में किसी भी निवेशक को मंजूरी के लिए लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा. सरकार ने 30 दिन के अंदर आवेदन पर फैसला लेने की बात कही है.
30 दिन में मंजूरी नहीं मिली तो 31वें दिन शुरू करें काम
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में उद्योग लगाने के लिए आवेदन करने वालों को 30 दिन के अंदर मंजूरी मिलनी चाहिए. अगर इस दौरान मंजूरी नहीं मिलती है, तो 31वें दिन से इसे अपने आप मंजूर मान लिया जाएगा. इसके बाद उद्यमी अपना काम शुरू कर सकेंगे.
सीएम ने कहा कि अब राज्य में सरकारी दफ्तरों के चक्कर और लालफीताशाही नहीं चलेगी. निवेश करने वालों के काम में बेवजह देरी नहीं होनी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि गंगा, गंडक और सोन नदी के इलाके में 20×20 मीटर तक का अपना घर बनाने वाले लोगों से कोई पूछताछ या जांच नहीं की जाएगी.
पटना में 2.25 लाख करोड़ के निवेश पर हुई बात
इस दौरान बिहार में 2.25 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर चर्चा हुई. निवेश से जुड़े एमओयू का भी आदान-प्रदान किया गया. मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों और कारोबारियों का स्वागत करते हुए कहा कि बिहार पर भरोसा जताने और यहां उद्योग लगाने की पहल करने के लिए वह सभी का अभिनंदन करते हैं. उन्होंने कहा कि बिहार अब तेजी से आगे बढ़ना चाहता है.
बिजली के क्षेत्र में आएगा 1.72 लाख करोड़ का निवेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में सड़क, बिजली और पानी जैसी जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर पहले काफी काम किया गया है. अब राज्य में उद्योगों को बढ़ावा देने का समय है. उन्होंने बताया कि बिजली के क्षेत्र में 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपये का निवेश आ रहा है. इसके साथ ही 11 हजार मेगावाट बिजली के लिए समझौता हुआ है. सरकार राज्य के 1 करोड़ 92 लाख लोगों को मुफ्त बिजली दे रही है. इसके लिए 23 हजार करोड़ रुपये की सब्सिडी दी जा रही है.
गंगा पर बनेगा एक्सप्रेसवे, चार नए एक्सप्रेसवे भी बनेंगे
मुख्यमंत्री ने बिहार में सड़क और दूसरी सुविधाओं को लेकर सरकार की योजनाएं भी बताईं. उन्होंने गंगा नदी पर गंगा एक्सप्रेसवे बनाने के लिए उद्योगपतियों से मदद मांगी. इसके अलावा पटना के दीघा से कोइलवर और मुंगेर से भागलपुर तक सवा सौ किलोमीटर लंबा मरीन ड्राइव बनाने की बात कही. उन्होंने राज्य में चार नए एक्सप्रेसवे और रैपिड रेल चलाने की योजना का भी जिक्र किया. सीएम ने दिल्ली से गुवाहाटी तक बुलेट ट्रेन कॉरिडोर की बात भी कही. उनका कहना था कि इन योजनाओं से बिहार में आने-जाने और कारोबार करने में आसानी होगी.
बिहार में 62 फीसदी युवा आबादी, 14 करोड़ लोगों का बाजार
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार की आबादी में 62 फीसदी युवा हैं. राज्य में 14 करोड़ लोगों का बड़ा बाजार भी है. सरकार चाहती है कि बिहार के पानी और युवाओं की ताकत का सही इस्तेमाल हो. उन्होंने बताया कि बाढ़ और सूखे की समस्या से निपटने के लिए बिहार सरकार ने देश की पहली राष्ट्रीय स्तर की गाद नीति बनाई है. इसके तहत 4 लाख मीट्रिक टन गाद निकालने के लिए NHAI के साथ समझौता किया गया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियों के रास्ते सामान भेजना उद्योगों के लिए सबसे सस्ता तरीका है. इससे कारोबार को फायदा मिल सकता है.
मखाने से लेकर पढ़ाई तक, निवेश के लिए कई मौके
मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों से पढ़ाई के क्षेत्र में भी निवेश करने की अपील की. उन्होंने बताया कि सरकार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना पर 18 हजार करोड़ रुपये खर्च कर रही है. उन्होंने यह भी कहा कि देश में पैदा होने वाले कुल मखाने का 80 फीसदी बिहार में होता है. ऐसे में मखाने समेत दूसरे क्षेत्रों में भी कारोबार बढ़ाने की काफी गुंजाइश है.
पांच साल में एक करोड़ लोगों को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार में अब तक 13 लाख सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं. सरकार ने आने वाले पांच साल के लिए रोजगार और कारोबार से जुड़े बड़े लक्ष्य रखे हैं. उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य है. इसके साथ ही एक करोड़ परिवारों को अपना कारोबार शुरू करने में मदद देकर उद्यमी बनाने और एक करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इन सभी लक्ष्यों को हर हाल में पूरा करना चाहती है.












