पटना: दिल्ली दौरे पर गए बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज शुक्रवार की शाम पटना लौट आए। सम्राट चौधरी के बिहार लौटते ही भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने प्रदेश इकाई में बड़ा फेरबदल कर दिया। बीजेपी ने बिहार प्रदेश संगठन के नए पदाधिकारियों की घोषणा कर दी है। बीजेपी ने पूर्व विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल सहित 14 नेताओं को जिम्मेदारी देते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है।
पूर्व विधायक सहित 14 लोगों को बनाया प्रदेश उपाध्यक्ष
बिहार बीजेपी ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देशानुसार प्रदेश उपाध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री, प्रदेश मंत्री, कोषाध्यक्ष और विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों के नामों की घोषणा करते हुए लिस्ट जारी की है। 14 नेताओं को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है, जिनमें पूर्व विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल, राकेश कुमार, संतोष पाठक, मनोज कुमार सिंह, अनामिका पासवान, शोभा सिंह, पवन जायसवाल, प्रणव कुमार यादव, संतोष रंजन राय, नंद प्रसाद चौहान, अनिल ठाकुर, मुकेश शर्मा, शीला कुशवाहा और बलराम मंडल शामिल हैं।
बीजेपी ने पांच नेताओं के बनाया प्रदेश महामंत्री
वहीं बीजेपी ने पांच नेताओं के प्रदेश महामंत्री बनाया है। पार्टी ने सरोज रंजन पटेल, धनराज शर्मा, प्रीति शेखर, नितिन अभिषेक और राजेश झा उर्फ राजू झा को प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया है।
5 महिलाओं सहित 14 नेताओं को बनाया प्रदेश मंत्री
इसके साथ ही बिहार बीजेपी ने 5 महिलाओं सहित 14 नेताओं को प्रदेश मंत्री भी बनाया है। बीजेपी ने जिन 5 महिलाओं को प्रदेश मंत्री नियुक्त किया है, उनमें सुषमा साहू, रागिनी रानी, अंजनी निषाद, सीमा झा और सरला रजक शामिल है। वहीं जन्मेजय कुमार सिंह, कुमार राघवेंद्र, प्रभाकर मिश्रा, मनोज चौधरी, मुकेश सिंह कुशवाहा, सुनील राम, संजय कुमार मुन्ना, मुजफ्फरपुर वाले मुकेश शर्मा और दिवाकर सिंह को भी प्रदेश मंत्री नियुक्त किया गया है।
विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह को बनाया कोषाध्यक्ष
बीजेपी ने इनके अलावा प्रदेश कोषाध्यक्ष और दो सह कोषाध्यक्ष भी नियुक्त किए हैं। बीजेपी ने विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह को पार्टी की प्रदेश कोषाध्यक्ष नियुक्ति किया है। वहीं राजेश सिन्हा और अंकुर गुप्ता को सह कोषाध्यक्ष बनाया है।
बीजेपी ने कई मोर्चाओं के बनाए नए अध्यक्ष
इसके साथ ही बीजेपी ने कई मोर्चाओं के नए अध्यक्ष भी बनाए हैं। बीजेपी ने युवा मोर्चा का अध्यक्ष जितेंद्र सिंह को बनाया है। वहीं किसान मोर्चा की जिम्मेदारी राम सुमिरन सिंह को दी है। जबकि महिला मोर्चा की अध्यक्ष विधायक निशा सिंह को बनाया गया है।










