नई दिल्ली: भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए अक्टूबर का महीना व्यापार के मोर्चे पर बेहद शानदार रहा है. सरकार की ओर से शुक्रवार को जारी नए आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में भारत का वस्तु निर्यात (Merchandise Exports) सालाना आधार पर 45% की बड़ी छलांग लगाते हुए 49.47 अरब डॉलर के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया है.
वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल के अनुसार वस्तु निर्यात ने 45 प्रतिशत की शानदार बढ़ोतरी हासिल करते हुए 49.47 अरब डॉलर का नया रिकॉर्ड बनाया. वस्तु आयात भी 16.5 प्रतिशत बढ़कर 89.35 अरब डॉलर तक पहुंच गया. वस्तु और सेवा क्षेत्र को मिलाकर कुल निर्यात 89.9 अरब डॉलर रहा, जिसमें से सर्विस सेक्टर का योगदान 40.51 अरब डॉलर था. हालांकि, निर्यात में इस ऐतिहासिक उछाल के बावजूद आयात बिल अधिक रहने के कारण भारत का व्यापार घाटा बढ़कर 39.88 अरब डॉलर हो गया, जो सितंबर के 30.21 अरब डॉलर और पिछले साल अक्टूबर के 33 अरब डॉलर की तुलना में काफी ज्यादा है.
किन देशों में बजा भारत का डंका?
अक्टूबर महीने में दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में भारतीय उत्पादों की मांग में शानदार तेजी देखी गई है. वाणिज्य सचिव के मुताबिक, भारत के टॉप-50 निर्यात गंतव्यों में से 43 बाजारों ने सकारात्मक वृद्धि दर्ज की. इस दौरान स्पेन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, हांगकांग, मलेशिया, घाना, तुर्की, ओमान, यूके और मैक्सिको जैसे देशों में भारतीय निर्यात 50 प्रतिशत से अधिक उछल गया. इसके अलावा, अमेरिका, चीन और जापान जैसे दुनिया के सबसे बड़े बाजारों में भी निर्यात में 39 से 48 प्रतिशत के बीच की जबरदस्त तेजी दर्ज की गई है.
किन सेक्टर्स ने किया सबसे ज्यादा कमाल?
इस ऐतिहासिक निर्यात में मुख्य रूप से पेट्रोलियम उत्पादों, इलेक्ट्रॉनिक्स, रत्न और आभूषण (Gems & Jewellery), प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों (Processed Food) और इंजीनियरिंग के सामान जैसे सेक्टर्स का सबसे बड़ा योगदान रहा है, जिन्होंने मिलकर भारत के व्यापार को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है.
मिडिल ईस्ट और FTA बाजारों से भी अच्छे संकेत
राजेश अग्रवाल ने बताया कि जिन देशों के साथ भारत का फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) है, वहां निर्यात मजबूत रहा है. इसके अलावा, पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के कारण जो सुस्ती आई थी, वह अब कम होती दिख रही है. मिडिल ईस्ट के देशों के साथ व्यापार में सुधार के साफ संकेत हैं और अक्टूबर में इस क्षेत्र में होने वाले निर्यात में 4% की बढ़त हासिल की गई है.












