लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार रविवार (10 मई) को हो गया है. जन भवन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 6 नए मंत्रियों को शपथ दिलाई है. इन 6 मंत्रियों में भूपेंद्र चौधरी, मनोज पांडेय, सुरेंद्र दिलेर, कैलाश राजूपत, कृष्णा पासवान और हंसराज विश्वकर्मा ने शपथ ग्रहण कर ली है. वहीं दो अन्य मंत्रियों सोमेंद्र तोमर और अजीत पाल का प्रमोशन किया गया है.
बीजेपी ने इस मंत्रिमंडल विस्तार के जरिए जातीय समीकरण साधने की भी पूरी कोशिश की है. विधानसभा चुनाव 2027 से पहले होने वाले इस विस्तार को बीजेपी के लिए बेहद अहम माना जा रहा है. पार्टी जातीय और क्षेत्रीय संतुलन साधने के साथ संगठन और सहयोगी नेताओं को साधने की रणनीति पर काम कर रही है.
यह भी पढ़े- UP में कल हो सकता है मंत्रिमंडल का विस्तार, ये 6 मंत्री लेंगे शपथ
इन नेताओं को बनाया गया मंत्री
राज्य मंत्री योगी कैबिनेट में कई नेताओं को राज्य मंत्री बनाया गया है. इसमें भूपेंद्र चौधरी और सपा से आए मनोज पांडे को कैबिनेट मंत्री, कृष्णा पासवान, सुरेन्द्र दिलेर, हंसराज विश्वकर्मा, कैलाश राजपूत को राज्य मंत्री बनाया गया है. वहीं दो मंत्रियों का प्रमोशन भी किया गया है. इसमें अजीत पाल, सोमेंद्र तोमर ने स्वतंत्र प्रभार मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण कर ली है.
भूपेन्द्र चौधरी
भूपेन्द्र चौधरी को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है. भूपेन्द्र चौधरी, पूर्व यूपी बीजेपी अध्यक्ष रह चुके हैं. जिलाध्यक्ष, पश्चिमी यूपी के क्षेत्रीय अध्यक्ष से लेकर यूपी बीजेपी अध्यक्ष तक का सफर तय कर चुके हैं. वे योगी सरकार में पहले भी मंत्री रहे हैं और आज एक बार फिर कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ले रहे हैं. चौधरी यूपी के मुरादाबाद के रहने वाले हैं और जाट समाज से आते हैं.
मनोज पांडे
सीएम योगी की सरकार में मंत्री बनने वाले मनोज पांडेय रायबरेली की ऊंचाहार सीट से विधायक हैं. मनोज सपा सरकार में भी कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं. मनोज पांडेय राज्यसभा चुनाव के दौरान सपा से बागी होकर बीजेपी में आ गए थे, तब ही बीजेपी ने उन्हें मंत्री पद देने का वादा किया था, जिसे बीजेपी ने पूरा कर वादे के तहत इन्हें मंत्री बना दिया है. मनोज पांडे ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली है.
कैलाश राजपूत
कैलाश राजपूत लोधी समाज से आते हैं और कन्नौज की तिर्वा सीट से विधायक हैं. उन्हें राज्य मंत्री बनाया गया है. कैलाश राजपूत अखिलेश यादव के संसदीय क्षेत्र से आते हैं. योगी सरकार में कन्नौज से भी अब 2 मंत्री हो गए हैं. बीते लोकसभा चुनाव में मध्य यूपी की कुछ लोकसभा सीटों पर बीजेपी को लोधी वोट में भी नुकसान हुआ था.
हंसराज विश्वकर्मा
हंसराज विश्वकर्मा वाराणसी के जिलाध्यक्ष रहे हैं और अब राज्य मंत्री बन गए हैं. वे पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी से आते हैं. हंसराज विश्वकर्मा ओबीसी की विश्वकर्मा जाति से ताल्लुक रखते हैं. हंसराज विश्वकर्मा के बाद अब वाराणसी से कुल 4 मंत्री बन चुके हैं.
सुरेंद्र दिलेर
सुरेंद्र दिलेर ने राज्यमंत्री के तौर पर शपथ ले ली है. वे दलित समाज की बाल्मीकि बिरादरी से आते हैं. अलीगढ़ की खैर सीट से विधायक हैं. पार्टी ने दलित वोटरों को साधने की कोशिश उन्हें मंत्री बनाकर की है.
कृष्णा पासवान
कृष्णा पासवान राज्यमंत्री के तौर पर शपथ ले ली है. वर्तमान में कृष्णा पासवान फतेहपुर जिले की खागा सीट से विधायक हैं. वे महिला हैं और दलित समाज की पासी बिरादरी से आती हैं. 2024 के चुनाव में पासी वोट का बहुत बड़ा हिस्सा समाजवादी के साथ गया था, उसी को ध्यान में रखते हुए कृष्णा पासवान पर बीजेपी ने दांव लगाया है.
यह भी पढ़े- योगी सरकार की इस योजना में टॉप पर जौनपुर, पारदर्शिता के साथ संचालित हो रही योजना
अजीत पाल, सोमेंद्र तोमर स्वतंत्र प्रभार मंत्री के रूप में शपथ ले ली है. अजीत सिंह पाल और सोमेन्द्र तोमर दोनों को राज्य मंत्री से स्वतंत्र प्रभार की जिम्मेदारी दी गई है. सोमेन्द्र तोमर मेरठ दक्षिण से विधायक हैं, फिलहाल ऊर्जा राज्य मंत्री हैं. भूपेन्द्र चौधरी के बेहद करीबी माने जाते हैं और गुर्जर बिरादरी से आते हैं.
वहीं अजीत सिंह पाल कानपुर देहात की सिंकदरा सीट से विधायक हैं. फिलहाल राज्य मंत्री के रूप में उनका प्रमोशन हुआ है. वे ओबीसी की पाल बिरादरी से आते हैं.










