शामली : उत्तर प्रदेश के शामली जनपद से धर्मांतरण कराने का मामला सामने आया है, जहां पर चांदनी कुरैशी नामक युवती पर आरोप है कि उसने हिंदू समुदाय के एक व्यक्ति का धर्मांतरण कराया है. इस मामले में पीड़ित परिवार ने युवती, उसके परिवार और संबंधित मौलाना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है. फिलहाल पुलिस ने आरोपी चांदनी कुरैशी और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है. बाकी अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है.
दरअसल, मामला सदर कोतवाली क्षेत्र का है, जहां मोहल्ला दयानंद नगर निवासी मेडिकल स्टोर संचालक देवराज मलिक की तरफ से पुलिस में शिकायत दी गई कि उनके पुत्र आयुष मलिक को मोहल्ला काजीवाड़ा निवासी चांदनी कुरैशी, उसकी बहन राहित कुरैशी, सुमाइला कुरैशी, राबिया कुरैशी, भाई आस मोहम्मद उर्फ आसु कुरैशी, हुमा कुरैशी और पिता इस्लाम कुरैशी, मौलवी मुनव्वर और दो अन्य मौलवी निवासी आजाद चौक ने प्रेमजाल में फंसाकर व दबाव बनाकर उसे मुस्लिम धर्म अपनाने पर मजबूर किया. उसका फर्जी निकाहनामा अब से करीब चार वर्ष पूर्व तैयार करा दिया था. इसके बाद उनके पुत्र से अनुचित मांग की गई और उसे मानसिक रूप परेशान किया गया.
पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने उसे व उसके परिवार के अन्य सदस्यों पर भी इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव बनाया. जब इन्होंने विरोध किया तो पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई. आरोपी करीब पांच साल से उनके पुत्र की सारी कमाई हड़प रहे हैं और नाजायज आर्थिक लाभ भी उठा रहे हैं. पीड़ित का कहना है कि आरोपी उनकी व उनके पुत्र की संपत्ति पर कब्जा करना चाहते हैं. पीड़ित देवराज मलिक ने इस मामले में कुछ बाहरी लोगों के भी शामिल होने की आशंका जताई है.
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू की. उसके बाद पुलिस आयुष मलिक की कथित पत्नी और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है. धर्मांतरण कराने के मामले में मौलाना और अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी है. इसके लिए पुलिस ने SIT गठित की है, जो पूरे मामले की बारीकी से जांच करेगी कि यह नेटवर्क कहां से चल रहा है और इसमें कितने लोग शामिल हैं.
पाकिस्तान से जुड़े हैं तार!
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आयुष मेडिकल स्टोर पर बैठता था. उनके आसपास के लोग दूसरे समुदाय से थे. उनमें से एक चांदनी कुरैशी का भाई भी था. उसने आयुष को षड्यंत्र के तहत पाकिस्तान के धार्मिक गुरु डॉक्टर इसरार का यूट्यूब चैनल के बारे में बताया और इस्लाम धर्म के बारे में जानकारी लेने को कहा. वह खुद भी उसका धीरे-धीरे माइंड डाइवर्ट करता गया. इस पूरे मामले में कई मौलाना के नाम भी सामने आ रहे हैं, जो दिल्ली और मुंबई के बताए जा रहे हैं.
पीड़ित पिता देवराज मलिक का आरोप है कि आयुष उनका इकलौता बेटा है, जिसे आरोपियों ने मोहम्मद मलिक बना दिया है. उन्होंने कहा कि आरोपी चांदनी कुरैशी ने युवक को शादी के नाम पर फंसाया और बाद में निकाह कर लिया. अब आरोपियों की निगाह उनकी प्रॉपर्टी पर है. एसपी एनपी सिंह ने बताया कि इस मामले में चांदनी और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि आरोपी की एक बहन और भाई फरार हैं, उनकी तलाश की जा रही है. इसमें 9 लोग नामजद हैं. इसके अलावा कुछ मौलवी भी हैं, पुलिस टीम पूरे मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी में जुट गई हैं.










