नई दिल्ली। केंद्रीय कर्मचारियों को महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी का बेसब्री से इंतजार है। अगर सबकुछ ठीक रहा तो सितंबर या अक्टूबर तक भत्ते में बढ़ोतरी का ऐलान हो सकता है। इस बीच, ओडिशा की सरकार ने राज्य सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए DA में 5% की बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। यह बढ़ोतरी ‘ओडिशा संशोधित वेतनमान (ORSP) नियम, 2008’ (संशोधन से पहले वाले नियम) के तहत की गई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस फैसले से सरकारी सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों, विश्वविद्यालयों, अधीनस्थ न्यायिक अधिकारियों, कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाले कर्मचारियों (टीचिंग और नॉन-टीचिंग स्टाफ सहित) को फायदा होगा।
कितना हो गया डीए?
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ओडिशा राज्य वित्त विभाग की एक आधिकारिक सूचना में कहा गया है कि 1 जनवरी 2026 से लागू होने वाले संशोधित DA को बेसिक और ग्रेड पे के कुल योग का 257% से बढ़ाकर 262% कर दिया गया है। इसमें कहा गया है कि जनवरी से जून 2026 की अवधि का बकाया नकद में दिया जाएगा जबकि जुलाई के लिए सैलरी में एडजस्टमेंट किया जाएगा।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी सरकार द्वारा मंजूर इस सूचना में कहा गया है कि यह बढ़ोतरी केंद्र के DA में बढ़ोतरी के अनुरूप है और इसे राज्य के वित्तीय लक्ष्यों में एडजस्ट किया जाएगा। बता दें कि 15 मई को ओडिशा ने राज्य सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए DA में 2% की बढ़ोतरी की घोषणा की थी। इस बढ़ोतरी की वजह से डीए 58% से बढ़कर 60% हो गया। यह 1 जनवरी से लागू होगा। इसका भुगतान मई की सैलरी के साथ किया गया।
केंद्रीय कर्मचारियों को क्या उम्मीद?
केंद्रीय कर्मचारियों को साल की दूसरी छमाही के डीए बढ़ोतरी का इंतजार है। कर्मचारी और पेंशनभोगी को उम्मीद है कि केंद्र सरकार 3 से 4% बढ़ोतरी कर सकती है। सरकार के ताजा आंकड़ों से पता चलता है कि जून 2026 में खुदरा महंगाई दर बढ़कर 4.38% हो गई जबकि खाद्य महंगाई दर बढ़कर 5.32% हो गई। हालांकि, अंतिम बदलाव लेबर ब्यूरो के औद्योगिक श्रमिकों के लिए अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (AICPI-IW) के जून 2026 के आंकड़ों और सरकार की मंजूरी पर निर्भर करेगा।
मार्च 2026 के आंकड़ों में सूचकांक 149.1, अप्रैल 2026 में 149.9 और मई 2026 में 150.8 था और जून 2026 के लिए इसके 151.7 रहने का अनुमान है। अगर मई जैसी ही बढ़ोतरी की दर जारी रहती है तो 4 पर्सेंट तक भत्ता बढ़ सकता है। अगर ऐसा हुआ तो भत्ता 64 पर्सेंट हो जाएगा।












