सहारनपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज यहां 613 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस मौके आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने समाजवादी पार्टी पर जोरदार हमला किया। उन्होंने याद दिलाया कि यूपी में पूर्व में जब सपा की सरकार थी तो सहारनपुर में दंगे होते रहते थे। उन्होंने कहा कि अब सहारपुर का तेजी से विकास हो रहा है।
दंगा, कर्फ्यू हमारी नियति बन चुके थे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में देश तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है। क्या यह 2017 के पहले संभव था, नहीं। 2017 के पहले सहारनपुर में दंगे होते थे। मुजफ्फरनगर में दंगे होते थे। मेरठ, अलीगढ़, मथुरा में दंगे होते थे। दंगा, कर्फ्यू हमारी नियति बन चुके थे। कैराना, कांधला से पलायन होता था। ये सभी क्षेत्र हिंदू विहीन कर दिए गए थे। न बेटी सुरक्षित थी,न व्यापारी सुरक्षित था,कानून व्यवस्था तहस नहस हो चुकी थी। याद करिए 2011-12 में मुरादाबाद में डीआईजी पर हमला हो जाता है,उपद्रवी मरा हुआ समझकर छोड़कर गए थे।
सपा ने उपद्रवियों पर मुकदमा नहीं चलाया
उन्होंने कहा कि, समाजवादी पार्टी की सरकार ने उन उपद्रवियों के खिलाफ मुकदमा नहीं चलाया, उनके केस वापस लेने का प्रयास कर रही थी। हमारी सरकार आई, हमने कहा उपद्रवी छोड़े नहीं जाएंगे। पिछले दिनों हमने उन्हें सजा भी करवा दी है। अब सहारनपुर में दंगा नहीं होता। अब सहारनपुर में मां शाकुम्भरी के भव्य कॉरिडोर का निर्माण हो रहा है।
मुख्यमंत्री योगी ने कही कि, जो लोग हमेशा हिंदू आस्था को सांप्रदायिकता के साथ जोड़ते थे, आज वे कहते हैं कि आस्था के साथ खिलवाड़ हो रहा है। समाजवादी पार्टी तो सामाजिक न्याय से जुड़े हुए महापुरुषों की जन्मजात विरोधी रही है।
तेज विकास से अर्थव्यवस्था तेजी से मजबूत होगी
सीएम योगी ने कहा कि, सहारानपुर का व्यक्ति सहारनपुर से दिल्ली के लिए चलता है तो उसे पता ही नहीं लगता, वह डेढ़ घंटे में दिल्ली पहुंच जाता है। विकास की रफ्तार इन्फ्रास्ट्रक्चर तक सीमित नहीं है, यह अर्थव्यवस्था को भी उड़ान दे रही है। जितनी अच्छी सड़कें होंगी, जितनी अच्छी कनेक्टिविटी होगी उतनी है विकास की रफ्तार तेज होगी। विकास की रफ्तार जितनी तेज होगी, अर्थव्यवस्था उतनी ही मजबूत होकर आगे बढ़ेगी। यही तो 2017 के बाद हुआ। दशकों से लंबित परियोजनाओं को पूरा करने का काम किया गया। अब सहारनपुर एयर कनेक्टिविटी के लिए भी तैयार हो रहा है। सहारनपुर के पास अपना एयरपोर्ट होगा।
एक्सपोर्ट हमारी वास्तविक ताकत
मुख्यमंत्री ने कहा कि, सहारनपुर के हस्त शिल्पियों ने विपरीत परिस्थितियों में भी वुड कार्विंग की अपनी परंपरा को जीवित रखा। आज वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट के माध्यम से वह सहारनपुर को वैश्विक पहचान दे रहा है। एक्सपोर्ट की ताकत हमारी वास्तविक ताकत है। जिस देश के पास एक्सपोर्ट की जितनी ताकत होगी, वह उतना ही धनी होगा। विदेशी मुद्रा को अपने देश में लाने का सामर्थ्य विकसित करेगा।
कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर में राज्यव्यापी स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि, कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, क्योंकि यह केवल परिवार की नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र की भी क्षति है। उन्होंने सहारनपुर के जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, शिक्षकों, सांसदों, विधायकों और समाज के सभी वर्गों से अपील की कि ‘स्कूल चलो अभियान’ को एक जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाया जाए।
मुख्यमंत्री योगी ने शिक्षा को राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत आधारशिला बताया। उन्होंने कहा कि अच्छी शिक्षा ही अच्छे नागरिक, शिक्षक, चिकित्सक, अधिकारी और जनप्रतिनिधि तैयार करती है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि व्यक्ति, समाज और राष्ट्र की प्रगति का आधार शिक्षा है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा न केवल बच्चों को संस्कारित और आत्मनिर्भर बनाती है, बल्कि उन्हें समाज और देश के विकास में प्रभावी भूमिका निभाने के लिए भी तैयार करती है। वर्ष 2017 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में शुरू किए गए ‘स्कूल चलो अभियान’ का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना था और इसके सकारात्मक परिणाम आज पूरे प्रदेश में दिखाई दे रहे हैं।












