नई दिल्ली। वाइट हाउस में हुए एक कार्यक्रम का वीडियो इंटरनेट पर खूब वायरल हो रहा है। इसकी वजह हैं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप। असल में वाइट हाउस में एक पूर्व अमेरिकी मेजर निकोलस डॉकरी का सम्मान समारोह चल रहा था। इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति को उनके गले में मेडल पहनाना था। लेकिन इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कुछ ऐसा कर दिया कि यह वीडियो इंटरनेट पर सुर्खियों में आ गया। वीडियो देखकर लोग डोनाल्ड ट्रंप का मजाक उड़ाने लगे। कुछ यूजर्स ने तो यहां तक लिखा कि डोनाल्ड ट्रंप तो दुनिया के सामने मजाक बनकर रह गए हैं।
कहां का है वीडियो
वीडियो में नजर आ रहा है कि रिटायर्ड अमेरिकी मेजर निकोलस डॉकरी का सम्मान समारोह चल रहा है। इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को उनके गले में मेडल का रिबन बांधना है। लेकिन बार-बार कोशिश करने के बावजूद वह ऐसा करने में सफल नहीं हो पा रहे थे। कई प्रयासों के बाद ट्रंप आखिर किसी तरह उसे मेजर के गले में लटकाने में कामयाब रहे। हालांकि उन्होंने अपनी असफलता को यह कहकर छिपाने की कोशिश की कि मैं इसे जरा अलग अंदाज में करने जा रहा हूं। मैं इसे और बेहतर तरीके से अंजाम दूंगा। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
ट्रंप के तरीके को बताया गलत
वहीं, कुछ लोगों ने ट्रंप के तरीके को गलत बताया। इन लोगों का कहना था कि जिस तरह से ट्रंप पूर्व सैनिक के गले में मेडल को बांध रहे थे, उससे उसकी सांस भी रुक सकती थी। एक ने तो लिखा कि क्या वह शख्स सांस ले पा रहा था? क्या उसके शरीर में रक्त का प्रवाह हो रहा था? यह तो इंसान का गला घोंटने जैसी बात हो गई। एक अन्य क्रिटिक तो यहां तक कह गया कि यह पूरी तरह शर्मनाक है। ट्रंप दुनिया के सामने मजाक बन गए हैं। वहीं, तमाम लोगों ने इस पर अलग-अलग तरह से टिप्पणियां करके इसका खूब मजाक बनाया।
लोगों ने कैसे रिएक्ट किया
सोशल मीडिया पर देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया। एक्स पर तमाम लोगों ने इसका मीम बनाया और जमकर आलोचना भी की। एक यूजर ने कमेंट किया कि ट्रंप अपने कॉग्निटिव टेस्ट में बुरी तरह से नाकाम रहे। वहीं, कुछ अन्य यूजर्स ने इसकी राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों से तुलना शुरू कर दी। एक यूजर ने तो लिखा कि अगर जो बाइडेन ने ऐसा किया होता तो फॉक्स पर इसे 24 घंटे लूप में चलाया जाता। एक ने तो यहां तक कह डाला कि जो बाइडेन तो इससे कहीं ज्यादा सतर्क रहते थे।










