लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माध्यमिक शिक्षा विभाग की बोर्ड परीक्षाओं में छात्राओं के मुकाबले छात्रों का रिजल्ट कमजोर होने पर छात्रों की चुटकी ले ली। उन्होंने कहा कि लगता है कि छात्र अब घरों में झाड़ू पोंछा लगाने लगे हैं। लगता है कि कुछ छात्र मोहल्ले में भी झाड़ू लगाने लगे हैं, तभी तो परीक्षाओं में छात्राओं की तुलना में उनके अंक कम आ रहे हैं।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को यह बात लखनऊ में माध्यमिक शिक्षा विभाग की केंद्र एवं राज्यस्तरीय बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों व प्रधानाचार्यों के सम्मान समारोह में कही।
मां-बाप छात्रों से ज्यादा काम ले रहे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, ‘हम लोग ये मानते थे कि छात्राएं घर में अपनी माताओं के काम में भी सहयोग करती हैं। लगता है कि अब परिवर्तन आ गया है। छात्र घर में झाड़ू पोंछा ज्यादा लगाने लग गए हैं। या लगता है कि मां-बाप उनसे ज्यादा काम ले रहे हैं। सब्जी लेने के लिए भेजते होंगे। हो सकता है घर और मोहल्ले में भी कुछ झाड़ू लगा रहे होंगे। इसीलिए छात्रों के अंक इतने कम है और छात्राएं मेहनत कर रही हैं और मेरिट में उन्होंने अच्छा स्थान प्राप्त किया है।’
छात्राओं से प्रेरणा लें छात्र
उन्होंने कहा कि, ‘यह एक सुखद लक्षण है। लेकिन छात्रों को भी प्रेरणा लेनी चाहिए कि छात्राएं घर में परिवार का सहयोग करते हुए भी अच्छे अंक प्राप्त कर रही हैं, मेरिट में ज्यादा स्थान प्राप्त कर रही हैं, तो छात्र कम से कम उनका ही अनुसरण कर लें।’
बेटी पढ़ेगी तो आगे बढ़ेगी
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, ‘मेरा मानना है कि बेटी पढ़ेगी तो आगे बढ़ेगी और देश और समाज को भी आगे बढ़ाएगी। हम सबके सामने यह इस रिजल्ट के माध्यम से एक संदेश बहुत स्पष्ट आ गया है।’










