गोरखपुर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को 295 करोड़ से अधिक की लागत वाली 319 परियोजनाओं का चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र में लोकार्पण और शिलान्यास किया. उन्होंने कहा, 2017 के पहले युवा नौकरी व रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाते थे, तो पहचान का संकट होता था. लोग चिल्लूपार, आजमगढ़, मऊ के नाम पर नौकरी नहीं देते थे. किसी उद्योग में काम करने गए तो योग्यता होने पर भी यूपी का नाम सुनकर लोग कहते थे कि वहां का साया न पड़ने पाए.
सीएम ने कहा, उस समय यहां दंगा, कर्फ्यू, अव्यवस्था, माफियागिरी, अराजकता थी. आज लोग यूपी से बाहर जाकर बताएंगे कि गोरखपुर-चिल्लूपार से आए हैं, तो सामने वाला 10 कदम आगे आकर गले मिलेगा. यह विकास की यात्रा की नई पहचान है. उन्होंने कहा कि यह धरा मां सरयू के आंचल में है. यहां का नौजवान जहां भी गया, अपनी प्रतिभा व परिश्रम का लोहा मनवाया है.
उन्होंने कहा, एक समय बाढ़ की त्रासदी और कनेक्टिविटी के अभाव में क्षेत्र के लोग पलायन करते थे. आजीविका के लिए लोगों को विदेश जाना पड़ता था, लेकिन अब यहां के नौजवान को बाहर नहीं जाना होगा. उसे यहीं रोजगार के ढेर सारे अवसर मिलेंगे. अब आपके द्वारा चुने गए विधायक-सांसद डबल इंजन सरकार की ताकत का इस्तेमाल करते हुए विदेशों के लोगों को चिल्लूपार में काम करने का अवसर देने जा रहे हैं. विदेशी लोग आकर आपके यहां चाकरी करेंगे.
अमेरिका में महंगाई चार गुना : सीएम योगी ने कहा कि हम लोगों ने धुरियापार में बंद पड़ी चीनी मिल की खाली जमीन पर सीएनजी का प्लांट लगवाया. अमेरिका-ईरान के युद्ध के कारण दुनिया में संकट है, लेकिन सीएनजी-एथेनॉल के कारण हमारे यहां काम बंद नहीं है. ऊर्जा में आत्मनिर्भर अमेरिका में भी महंगाई चार गुना हो गई है. वहां 100 रुपये की वस्तु 400 रुपये में मिल रही है, लेकिन भारत में महंगाई नियंत्रित है.
सीएम ने कहा कि 2017 के पहले कोई सोचता था कि धुरियापार में इंडियन ऑयल का सीएनजी प्लांट लगेगा या सहजनवां का गीडा धुरियापार में आ पाएगा. हम यहां ग्रेटर गीडा बनाने जा रहे हैं. अभी से हजारों करोड़ रुपये के प्रस्ताव आ गए हैं. जिन्हें हमें उद्योग के रूप में स्थापित करना है. इसमें सीमेंट की फैक्ट्री धुरियापार में लगने जा रही है. पावर प्लांट, आधुनिक पेंट व अत्याधुनिक डिस्टलरी (जहां मॉडर्न मेडिसिन, एलोपैथ की दवा) भी बनेगी. यहां भारी पैमाने पर निवेश के प्रस्ताव आ रहे हैं.
विधायक जितना भी प्रस्ताव देंगे, सरकार उसे स्वीकृत करेगी : सीएम ने कहा कि विधायक राजेश त्रिपाठी जितना भी प्रस्ताव देंगे, सरकार उसे स्वीकृत करेगी. यहां की पीड़ा को मैंने नजदीक से देखा है. यहां के नौजवानों ने मेरे साथ कार्य किया है. राजेश त्रिपाठी ने यहां होमियोपैथिक कॉलेज स्वीकृत कराया था, उस समय काम बढ़ा, लेकिन सपा सरकार ने आते ही काम रोक दिया. जिन लोगों को उस समय चुनकर भेजा था, उन लोगों ने कान में तेल डालकर इसे अनसुना कर दिया था. 2017 में सरकार आने पर राजेश त्रिपाठी इस काम के लिए रोज मिलते थे. आज इस विधानसभा क्षेत्र में आयुष के डॉक्टर बन रहे हैं.
सीएम ने कहा, आप कमल के फूल पर वोट देते हैं, तो पीढ़ी दर पीढ़ी तर जाती है. 500 वर्ष पहले जिस अयोध्या धाम में हम सभी अपमानित हुए थे, वहां भगवान राम का मंदिर बन गया. जब आप गलत व्यक्ति को चुनते हैं, तो अपने ऊपर बोझ व कलंक का ठप्पा लगाते हैं. ठेके पट्टे के लिए मारपीट होने लगती थी. जब विधायक ही स्वयं ठेका करेगा, तो क्या होगा यह बताने की आवश्यकता नहीं.










