लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बीते दिनों हुई बारिश की वजह से कई लोगों की जानें गई हैं। ऐसे में अतिवर्षा व आकाशीय बिजली से हुई जनहानि, पशुहानि व आर्थिक हानि का सीएम योगी ने संज्ञान लिया है। सीएम योगी ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। सीएम योगी ने अति वर्षा, आकाशीय बिजली से हुई जन हानि, पशु हानि व आर्थिक हानि का आंकलन कर 24 घंटे में मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं।
सीएम ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड पर निकल कर प्रभावित परिवारों की हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने कहा कि प्रभावित परिवारों से संवाद बनाकर अधिकारी उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध करवाएं। वहीं सीएम योगी ने घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने कामना की।
कुशीनगर में बिजली गिरने से किशोर की मौत
वहीं कुशीनगर के विशनपुरा पुलिस थाना क्षेत्र के थडीभर गांव में राहुल कुमार (14) की खेत की मेड़ पर खड़े होने के दौरान बिजली गिरने से मौत हो गई, जब उसकी मां उसे खेत से तोड़ी गई सब्जियां दे रही थी। पुलिस ने बताया कि परिवार ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
मौसम विभाग ने बताया कि 11 जुलाई तक पूरे राज्य में व्यापक बारिश होने की संभावना है और अगले दो से तीन दिनों में तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। लखनऊ स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल और बदायूं जिलों में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है, जबकि पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के कई अन्य जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
गाजियाबाद में जलभराव
भारी बारिश ने गाजियाबाद में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया, जिससे व्यापक जलभराव, यातायात जाम और वसुंधरा सेक्टर 13 में सड़क धंसने की घटना हुई। एक निर्माणाधीन बेसमेंट के पास आवासीय सड़क का एक हिस्सा धंस गया, जिससे खड़ी कार और स्कूटर गड्ढे में गिर गए, जबकि पास का एक बिजली का खंभा भी गड्ढे में गिर गया। गजियाबाद जिला प्रशासन ने गुरुवार शाम को आईएमडी के भारी बारिश के पूर्वानुमान के मद्देनजर शुक्रवार को सभी बोर्डों के स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया।
नोएडा और प्रयागराज में भी जलभराव
वहीं नोएडा के कई इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया, जलभराव वाली सड़कों पर वाहन खराब हो गए और लंबे ट्रैफिक जाम की खबरें आईं। नोएडा के सेक्टर 33 स्थित परिवहन विभाग का कार्यालय जलमग्न हो गया। वहीं प्रयागराज के सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन और महिला थाने में भी इसी तरह की बाढ़ की सूचना मिली। मुजफ्फरनगर के भोपा पुलिस स्टेशन क्षेत्र के भोकाहेरी गांव में भारी बारिश के दौरान मोहन लाल के कच्चे मकान के गिरने से 20 बकरियों की मौत हो गई।












