नई दिल्ली। त्रिपुरा में जनजातीय ग्राम समिति चुनावों में बीजेपी नीत एनडीए ने बड़ी जीत दर्ज की है. इस चुनाव में एनडीए के घटक दल टिपरा मोथा पार्टी (टीएमपी) ने सबसे ज्यादा सीट हासिल की. बीजेपी ने कहा कि बैलट पेपर से हुए चुनाव में एनडीए ने जबरदस्त जीत हासिल की. संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने इसे लेकर एक्स पर कहा कि त्रिपुरा ने वोट के जरिए अपनी बात कह दी है. उन्होंने कहा, ‘ग्राम समिति चुनाव के नतीजे NDA और विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता में लोगों के भरोसे को फिर से पुख्ता करते हैं. लगातार भरोसा और समर्थन देने के लिए त्रिपुरा का धन्यवाद.’ इस चुनाव का रिजल्ट 5 अक्टूबर 2026 को जारी किया गया.
बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने एक्स पर इस चुनाव का रिजल्ट पोस्ट कर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, ‘राहुल जी, ये लीजिए बैलट पेपर से हुए त्रिपुरा ग्राम समिति चुनाव का परिणाम…यह चुनाव परिणाम कल 5 अक्टूबर को ही आए हैं. 4,597 सीटों पर हुए चुनाव में NDA ने 4,320 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस के खाते में सिर्फ 14 सीटें आईं.’
चुनावी मैदान में थे 8,176 उम्मीदवार
त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद (TTAADC) के तहत छठी अनुसूची वाले क्षेत्रों की 587 ग्राम समितियों के लिए 28 सितंबर को मतदान हुआ था, जिसमें 81 फीसदी मतदान दर्ज किया गया. राज्य चुनाव आयोग के मुताबिक, 587 ग्राम समितियों की कुल 4,597 सीट में से 2,950 के लिए मतदान हुआ, जबकि 1,644 सीट पर टिपरा मोथा पार्टी (टीएमपी) और बीजेपी के उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए. टीएमपी, बीजेपी, माकपा, कांग्रेस, इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) समेत अलग-अलग पार्टियों के कुल 8,176 उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे.
दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ राहुल गांधी का धरना
त्रिपुरा ग्राम समिति चुनावों के रिजल्ट को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर ऐसे समय में निशाना साधा है जब दिल्ली में कांग्रेस मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है. चुनाव आयोग के कार्यालय की ओर बढ़ने के दौरान पुलिस ने इंडिया गठबंधन के कई नेताओं को हिरासत में लिया. वहीं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आकाशवाणी भवन के परिसर में धरने पर बैठे हैं. उनके साथ पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, राज्यसभा सांसद पवन खेड़ा मौजूद हैं.












