लखनऊ: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को लखनऊ में रोड शो किया। एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक 18 किलोमीटर लंबा यह रोड शो सुबह 11:20 बजे शुरू हुआ और दोपहर 1:55 बजे समाप्त हुआ।
एयरपोर्ट से निकलने के बाद वह प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ विशेष रथ पर सवार होकर रोड शो के लिए रवाना हुए। पूरे मार्ग में जगह-जगह कार्यकर्ताओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने उनका स्वागत किया।
कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया और जमकर नारेबाजी की। रोड शो के दौरान नितिन नवीन ने समर्थकों का अभिवादन करते हुए तलवार भी लहराई। बड़ी संख्या में बुर्का पहने मुस्लिम महिलाएं और टोपी पहने मुस्लिम पुरुष भी रोड शो में शामिल हुए। वहीं, पादरियों और ननों ने भी उनका स्वागत किया। भाजपा ओबीसी मोर्चा ने उन्हें क्रेन की मदद से 25 फीट की विशालकाय माला पहनाई।
एयरपोर्ट पर सीएम योगी ने वेलकम किया
नितिन नवीन शनिवार सुबह 11 बजे लखनऊ पहुंचे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, महामंत्री धर्मपाल सिंह, दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान सहित राज्य सरकार के मंत्रियों और भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। उनके स्वागत के लिए राजधानी में एक लाख से अधिक पोस्टर-बैनर लगाए गए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह नितिन नवीन का पहला लखनऊ दौरा है। वह करीब 36 घंटे लखनऊ में रहेंगे। इस दौरान सांसदों, विधायकों और मंत्रियों के साथ बैठक के अलावा आरएसएस पदाधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे। इससे पहले वह 25 जनवरी 2026 को मथुरा गए थे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ बांके बिहारी जी के दर्शन किए थे।












