पटना: बिहार की सम्राट चौधरी सरकार ने बुधवार को कैबिनेट की बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसलों पर मुहर लगाई. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में पटना में मां सीता महिला विश्वविद्यालय और बेगूसराय में रामधारी सिंह दिनकर विश्वविद्यालय की स्थापना को मंजूरी दी गई. दोनों विश्वविद्यालयों को लेकर सरकार की ओर से अहम निर्णय लिया गया है.
पटना में खुलेगा मां सीता महिला विश्वविद्यालय
कैबिनेट ने पटना में मां सीता महिला विश्वविद्यालय की स्थापना को स्वीकृति प्रदान की है. यह बिहार का पहला महिला विश्वविद्यालय होगा. सरकार की ओर से रक्षाबंधन के दिन ही राज्य में महिला विश्वविद्यालय खोलने की घोषणा की गई थी. प्रस्तावित महिला विश्वविद्यालय की खास बात यह होगी कि यहां कुलपति से लेकर प्रोफेसर और अन्य कर्मियों तक महिला भागीदारी पर जोर दिया जाएगा. कैबिनेट ने विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों और कर्मियों के वेतनादि के लिए भी प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है.
बिहार कैबिनेट ने पटना में किस विश्वविद्यालय की स्थापना को मंजूरी दी है?
- पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय
- चाणक्य विधि विश्वविद्यालय
- महात्मा गांधी विश्वविद्यालय
- मां सीता महिला विश्वविद्यालय
कैबिनेट बैठक में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की जयंती के मौके पर उनके नाम पर विश्वविद्यालय स्थापित करने का भी फैसला लिया गया. सरकार ने रामधारी सिंह दिनकर विश्वविद्यालय, बेगूसराय की स्थापना को मंजूरी दे दी है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की जयंती पर मंत्रिपरिषद ने रामधारी सिंह दिनकर विश्वविद्यालय, बेगूसराय की स्थापना को स्वीकृति प्रदान की है.












