लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों, मान्यता प्राप्त अनुदानित और स्ववित्तपोषित विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों व विशेष शिक्षकों (सीडब्ल्यूसीएन) के लिए बड़ी खुशखबरी है। इसके साथ ही कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (KGBV) की वार्डेन, पूर्णकालिक शिक्षकों और प्रधानमंत्री पोषण योजना के रसोइयों सहित उनके आश्रित परिवारों को भी कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ देने की तैयारी तेज हो गई है।
4 जून को लखनऊ में महा-प्रशिक्षण
बेसिक शिक्षा निदेशक अनिल भूषण चतुर्वेदी ने इस संबंध में सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों (BSA) को कड़े निर्देश जारी किए हैं। इस महत्वाकांक्षी योजना के सुचारू संचालन के लिए 4 जून को दोपहर 12 बजे बेसिक शिक्षा निदेशक कार्यालय, लखनऊ में एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस प्रशिक्षण में ‘साचीज’ (SACHIS) के विशेषज्ञ नोडल अधिकारियों को कैशलेस इलाज की प्रक्रिया और संचालन की विस्तृत जानकारी देंगे। योजना को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के लिए हर जिले से एक नोडल अधिकारी इस कार्यक्रम में शामिल होगा, ताकि पात्र कर्मचारियों और उनके परिवारों तक बिना किसी बाधा के इस स्वास्थ्य सुविधा का लाभ आसानी से पहुंचाया जा सके।










