लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने मंत्रिपरिषद के सदस्यों के जिला प्रभार में फेरबदल करते हुए नई सूची जारी कर दी है. मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर बुधवार को जारी आदेश के अनुसार अब सभी कैबिनेट मंत्री, राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार और राज्य मंत्री को एक या दो जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है. सरकार का उद्देश्य इन जिलों में योजनाओं के क्रियान्वयन, शिकायत निवारण और विकास कार्यों की सीधी निगरानी सुनिश्चित करना है.
मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री को कई विभागों का दायित्व: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गृह, सतर्कता, आवास एवं शहरी नियोजन, राजस्व, भूतत्व एवं खनिकर्म, अर्थ एवं संख्या, राज्य कर एवं निबंधन, सामान्य प्रशासन, सूचना, नियोजन, लोक सेवा प्रबंधन, न्याय, धार्मिक कार्य, लोक निर्माण समेत 20 से अधिक विभागों का प्रभार पहले से ही है.
नई व्यवस्था में उन्होंने किसी एक जिले का प्रभार नहीं लिया है, लेकिन समन्वय की जिम्मेदारी उनके पास रहेगी. उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को ग्रामीण विकास, समग्र ग्रामीण विकास, ग्रामीण अभियांत्रिकी, खाद्य प्रसंस्करण, मनोरंजन कर और सार्वजनिक उद्यम विभाग मिले हैं, उन्हें प्रतापगढ़ जिले का प्रभार दिया गया है. वहीं, दूसरे उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, परिवार कल्याण तथा मातृ एवं शिशु कल्याण विभागों की जिम्मेदारी है. उनको अभी किसी जिले की जिम्मेदारी नहीं दी गई.
कैबिनेट मंत्रियों को मिली जिलेवार जिम्मेदारी: कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही को अयोध्या और बस्ती जिले का प्रभार मिला है. जल शक्ति एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री स्वतंत्र देव सिंह प्रयागराज और गोरखपुर देखेंगे.
वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना वाराणसी और लखनऊ के प्रभारी बनाए गए हैं. महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य को इटावा और हाथरस की जिम्मेदारी दी गई है. गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी अलीगढ़ और फिरोजाबाद देखेंगे.
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह को झांसी और फर्रुखाबाद का प्रभार सौंपा गया है. औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन और निवेश मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी मिर्जापुर और चित्रकूट के प्रभारी होंगे. श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर आजमगढ़ और सिद्धार्थनगर देखेंगे. नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा को जौनपुर और भदोही की जिम्मेदारी मिली है.
राज्य मंत्रियों को भी बंटे जिले: राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार के रूप में असीम अरुण को हरदोई और मेरठ, जेपीएस राठौर को संभल और बरेली, दयाशंकर सिंह को देवरिया और मऊ का प्रभार दिया गया है. आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल लखीमपुर खीरी, व्यावसायिक शिक्षा मंत्री कपिल देव अग्रवाल बिजनौर, स्टांप एवं न्यायालय शुल्क मंत्री रविंद्र जायसवाल गाजीपुर के प्रभारी होंगे.
राज्य मंत्रियों में मयंकेश्वर शरण सिंह प्रतापगढ़, दिनेश खटीक शामली, संजीव गोंड चंदौली, बलदेव सिंह ओलख पीलीभीत, जसवंत सिंह सैनी बागपत, रामकेश निषाद हमीरपुर, मनोहर लाल मनु कोरी महोबा, संजय सिंह गंगवार जालौन, बृजेश सिंह गौतमबुद्ध नगर के प्रभारी बनाए गए हैं.
राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रभारी मंत्री अपने आवंटित जिलों में नियमित दौरे करेंगे, जनसुनवाई करेंगे और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगे.










