पटना। बिहार में हर परिवार को घरेलू कनेक्शन पर दी जा रही 125 यूनिट फ्री बिजली पर फिर से चर्चा शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि इसे लेकर 1 दिसम्बर से विशेष अभियान चलेगा। जो लोग राज्य हित में इसे छोड़ना चाहें वे छोड़ सकते हैं। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर हजारों लोगों ने गैस सब्सिडी राष्ट्र हित में छोड़ दिया। उन्होंने यह भी कहा कि पीएम बिहार को तोहफा देने एक बार फिर आ रहै हैं।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व सीएम नीतीश कुमार की योजना के तहत राज्य में हर परिवार को प्रत्येक माह 125 यूनिट बिजली फ्री में दी जा रही है। इसमें कोई भेदभाव नहीं किया जा रहा है। अमीर, गरीब, हर जाति, धर्म, संप्रदाय के लोगों को यह सुविधा मिल रही है। आगे भी यह सुविधा जारी रहेगी। लेकिन, सरकार का आग्रह है कि जो लोग सक्षम हैं वे अपनी इच्छा से मुफ्त बिजली का लाभ लेना छोड़ सकते हैं।
आगामी एक दिसम्बर से विशेष अभियान चलाया जाएगा। जो लोग फ्री बिजली का लाभ नहीं लेंगे वे दाता कहलाएंगे। उन्होंने गैस सब्सिडी की याद दिलाई। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपील की तो हजारों परिवारों ने गैस सब्सिडी का त्याग कर दिया। पिछले दिनों सम्राट चौधरी ने जब फ्री बिजली की सुविधा छोड़ने की अपील की तो कहा कि इससे जो पैसा बचेगा उसे बच्चों की पढ़ाई पर खर्च किया जाएगा। हालांकि, सीएम की इस अपील पर राज्य में जमकर राजनीति भी हुई।
सीएम प्रधानमंत्री के प्रस्तावित बिहार दौरे के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 2025 में बनी एनडीए सरकार के एक साल पूरे हो रहे हैं। इसी उपलक्ष्य में वे बिहार आ रहे हैं। पीएम बिहार को इस मौके पर कई महत्वपूर्ण सौगात देने वाले हैं। उनके आगमन की तैयारी की जा रही है। हम सब उनका दिल से स्वागत करेंगे आगामी 21 नवंबर को पीएम वैशाली आ रहे हैं। राजा पाकड़ विधानसभा क्षेत्र के जाफरपट्टी स्थित औद्योगिक क्षेत्र में पीएम आएंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे।
रविवार को सीएम ने दलित बस्ती में जाकर दिवाली मनाई। वे पटना के आशियाना दीघा रोड स्थित दलित बस्ती में पहुंचे जहां दीपावली उत्सव की तैयारी की गई थी। सीएम ने बस्ती के लोगों को दीपावली के मौके पर उपहार भी दिया। राज्य के सभी जिलों में दलित बस्ती में जाकर दिवाली मनाकर मनाए का निर्देश दिया गया है।












