मथुरा। धार्मिक नगरी गोवर्धन में इन दिनों गिरिराज महाराज के दर्शन और परिक्रमा के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। आस्था के इस सैलाब के बीच पूरा परिक्रमा मार्ग और प्रमुख रास्ते भक्तों से खचाखच भरे नजर आ रहे हैं। स्थिति यह है कि गोवर्धन पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को भारी भीड़ का सामना करना पड़ रहा है और कई लोग मजबूरी में बसों की छत पर बैठकर यात्रा करने को भी मजबूर हैं। जानकारी के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 10 लाख से ज्यादा श्रद्धालु परिक्रमा के लिए पहुंच चुके हैं।
राधे राधे के जयकारों से गुंजा परिक्रमा मार्ग
पुरुषोत्तम माह में ब्रज में आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। यहां भक्त ब्रज 84 कोस, गिरिराज जी और वृंदावन की परिक्रमा कर रहे हैं। पुरुषोत्तम माह की पूर्णिमा की पहले की शाम गोवर्धन में अलम यह था कि यहां। पैर रखने की जगह नहीं बची। पूरा 21 किलोमीटर का परिक्रमा का रास्ता भगवान गोवर्धन नाथ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। पूरे रास्ते में हर तरफ भक्त ही भक्त नजर आ रहे थे।
ठाकुर जी दर्शन को मची होड
गिरिराज जी की अधिक माह में परिक्रमा लगाने देश विदेश के श्रद्धालु गोवर्धन पहुंच रहे हैं। यहां परिक्रमा मार्ग ही नहीं बल्कि मंदिरों में भी दर्शनों की होड़ मची है। यहां के प्रमुख दानघाटी मंदिर मुकुट मुखारबिंद मानसी गंगा,जतीपुरा सहित अन्य मंदिरों में बड़ी संख्या में भक्त पहुंच रहे हैं। यहां भक्त भगवान गोवर्धन नाथ को दूध, जल अर्पित कर पूजा अर्चना कर रहे हैं।
नो व्हीकल जोन में एंट्री से अव्यवस्था
परिक्रमा में जिस तरह आस्था हिलोरे मार रही है वहीं सबसे बड़ी समस्या अनियंत्रित रूप से दौड़ रहे ई-रिक्शा बन चुके हैं। परिक्रमार्थियों का कहना है कि गोवर्धन परिक्रमा मार्ग में ई-रिक्शाओं की बढ़ती संख्या के कारण स्थिति बेहद अव्यवस्थित हो गई है। संकरी गलियों और परिक्रमा मार्ग में तेज गति और लापरवाही से चल रहे ई-रिक्शाओं से पैदल चलना भी मुश्किल और जोखिम भरा हो गया है। श्रद्धालुओं का आरोप है कि कई बार ऐसे वाहनों की वजह से लोग घायल भी हो रहे हैं। इसके साथ ही, वीआईपी और स्थानीय फोर-व्हीलर वाहनों की एंट्री ने कोढ़ में खाज का काम किया है, जिससे जगह-जगह घंटों लंबा जाम लग रहा है।
डग्गेमारों बसों की छतों पर बैठे यात्री
गोवर्धन परिक्रमा करने पहुंच रहे श्रद्धालुओं को मथुरा से गोवर्धन का सफर जोखिम भरा करना पड़ रहा है। यात्री बसों की छतों पर बैठकर सफर कर रहे हैं। हालांकि जगह जगह तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मी छतों पर बैठे यात्रियों को उतार भी रहे हैं लेकिन कुछ ऐसे उत्साहित श्रद्धालु हैं जो ट्रैफिक पुलिस की नजर बचते ही बसों की छतों पर सवार हो रहे हैं। परिक्रमा के रास्ते में वाहनों की एंट्री का खामियाजाना परिक्रमा दे रहे भक्तों को उठाना पड़ रहा है। शनिवार को नशे की हालत में गाड़ी लेकर पहुंचे एक युवक ने दंडवती परिक्रमा दे रही महिला को टक्कर मार दी तो वहीं एक युवक के ई-रिक्शा ने टक्कर मारकर चोट पहुंचा दी। भारी भीड़ के बीच चल रहे वाहन परिक्रमा दे रहे लोगों के लिए परेशानी का सबब बन रहे हैं।










