आगरा: जापान के निवेशकों का विशेष प्रतिनिधिमंडल गुरुवार दोपहर आगरा पहुंचेगा. जिसकी अगवानी पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह करेंगे. फतेहाबाद रोड स्थित सितारा होटल में लंच के बाद जापानी निवेशक प्रतिनिधि मंडल मोहब्बत की निशानी ताजमहल का दीदार करेगा. जिसकी पूरी तैयारी पुलिस, प्रशासन और एएसआई ने पूरी कर ली है. आगरा में अब जापानी निवेशक प्रतिनिधिमंडल के साथ राउंड टेबल मीटिंग नहीं होगी. अब ये राउंड टेबल मीटिंग लखनऊ में होगी. आगरा का कार्यक्रम अब सैर सपाटा तक ही सीमित रह गया है. जापानी प्रतिनिधि मंडल के आगरा कार्यक्रम में बदलाव की जानकारी डीएम मनीष बंसल ने दी.
बता दें कि भारत के छह दिवसीय दौरे पर जापानी दल बुधवार को नई दिल्ली पहुंचा. जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में एक कार्यक्रम में शामिल होगा. जापानी का विशेष प्रतिनिधिमंडल 23 अगस्त तक भारत में हैं. 20 अगस्त यानी आज जापानी प्रतिनिधिमंडल आगरा दौरे पर आ रहा है.
21 अगस्त को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ जापान-उत्तर प्रदेश बिजनेस प्रोग्राम में भी यह प्रतिनिधिमंडल हिस्सा लेगा. जिसकी तैयारी में प्रदेश सरकार जोर शोर से जुटी है. जापान के यामानाशी प्रीफेक्चर के गवर्नर के नेतृत्व में उच्चस्तरीय जापानी प्रतिनिधिमंडल भारत आया है. जिसमें 240 से अधिक लोग शामिल हैं. जिनमें जापान की प्रमुख कंपनियों के कई सीईओ समेत अन्य शामिल हैं. जो आगरा सहित पूरे उत्तर प्रदेश में निवेश को लेकर आए हैं. जिससे यूपी में निवेश के नवीन अवसरों को अधिक बढ़ावा मिलेगा.
ताजमहल देखेगा प्रतिनिधिमंडल
आगरा डीएम मनीष बंसल ने बताया कि आगरा में जापानी प्रतिनिधिमंडल गुरुवार दोपहर करीब एक बजे आगरा पहुंचेगा. निवेशकों के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है. जिससे अब जापानी प्रतिनिधिमंडल सबसे पहले फतेहाबाद रोड स्थित एक सितारा होटल में लंच करेगा.
इसके बाद विश्व धरोहर ताजमहल का दीदार करेंगे. अब ताजमहल के दीदार के बाद जापानी प्रतिनिधिमंडल आगरा से लखनऊ के लिए रवाना होगा. अब वहां पर ही पर्यटन विकास पर भी इन्वेस्टर्स के साथ एक विशेष राउंड टेबल मीटिंग होगी है. जो पहले आगरा में होनी थी. वीवीआईपी जापानी डेलिगेशन के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा, प्रोटोकॉल, यातायात, गाइड और गोल्फ कार्ट सहित सभी जरूरी तैयारियां शुरू कर दी हैं. इसके लिए तमाम विभागों के बीच समन्वय करने दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं.
पहले आगरा में होनी थी राउंड टेबल मीटिंग
जापानी प्रतिनिधिमंडल के आए पहले प्रस्तावित कार्यक्रम में आगरा के सितारा होटल में पर्यटन मंत्री के साथ राउंड टेबल मीटिंग करना प्रस्तावित था. जो अब आगरा में नहीं होगी. जिसका एजेंडा उत्तर प्रदेश और जापान के बीच औद्योगिक, आर्थिक और तकनीकी सहयोग को नई ऊंचाइयों पर ले जाना था. जिसमें पर्यटन नगरी के साथ-साथ अब आगरा की पहचान एक ‘इंडस्ट्रियल और इन्वेस्टमेंट हब’ के रूप में भी मजबूत करने पर भी चर्चा होती. वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) के तहत आगरा के चमड़ा उद्योग (लेदर गुड्स) और पेठा उद्योग को
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए बाजार और जापानी तकनीक का सहयोग को लेकर भी मंथन किया जाता. इस बारे में उद्योग विभाग के संयुक्त आयुक्त अनुज कुमार ने बताया था कि इस दौरे का मुख्य उद्देश्य आगरा सहित पूरे उत्तर प्रदेश में औद्योगिक, आर्थिक और तकनीकी सहयोग को मजबूत कर निवेश के नए अवसरों को धरातल पर उतारना है.












