लखनऊ। लखनऊ में रविवार को ‘हर घर तिरंगा-तिरंगा यात्रा’ अभियान के तहत बीजेपी की ओर से तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तिरंगा यात्रा में हिस्सा लिया और कार्यक्रम को संबोधित किया. उनके साथ उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत पार्टी के कई नेता मौजूद रहे.
सीएम योगी ने अपने संबोधन की शुरुआत काकोरी ट्रेन एक्शन के 101वें पावन पर्व का जिक्र करते हुए की. उन्होंने देश के स्वतंत्रता संग्राम के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की और तिरंगा यात्रा में शामिल युवाओं का स्वागत किया. इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा राष्ट्रगान हो या राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’, इसका अपमान मंजूर नहीं है. उन्होंने कहा कि तिरंगा भारत की सादगी, विकास, विरासत और देश की ‘आन-बान और शान’ का प्रतीक है.
मुख्यमंत्री ने कहा हम सभी प्रधानमंत्री मोदी के आभारी हैं, जिन्होंने भारत के प्रतीकों के प्रति सर्वोच्च सम्मान बनाए रखने के लिए राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का अपमान करने वालों को संगीन अपराध की सूची में रखते हुए दंडित करने का निर्णय लिया है. उन्होंने कहा कि भारत में रहकर देश के प्रतीकों, महापुरुषों और राष्ट्रगान-राष्ट्रगीत का अपमान अब स्वीकार नहीं किया जा सकता.
सीएम योगी ने कहा कि यह वर्ष देश के लिए महत्वपूर्ण है. राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पूरे देश में इसके सामूहिक गायन का आयोजन किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि तिरंगा देश के गौरव, एकता और राष्ट्रीय भावना का प्रतीक है.
तिरंगा 140 करोड़ देशवासियों के दिलों की ऊर्जा- पंकज चौधरी
इस तिरंगा यात्रा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि तिरंगे में ऐसी शक्ति है, जिसे हवा में लहराते देखकर हर भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा हो जाता है.
उन्होंने कहा यही तिरंगा है, जिसकी रक्षा के लिए देश की सीमाओं पर शूरवीर बलिदान दे देते हैं. यही तिरंगा जब दुनिया के किसी मैदान में लहराता है तो उसे देखकर हमारे खिलाड़ियों में असंभव लक्ष्यों को भी प्राप्त करने की क्षमता दौड़ जाती है. पंकज चौधरी ने कहा कि तिरंगा सिर्फ राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश के 140 करोड़ नागरिकों के दिलों की ऊर्जा है.
डिप्टी सीएम समेत कई नेता रहे मौजूद
लखनऊ में आयोजित इस तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी और अन्य बीजेपी नेता शामिल हुए. ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और युवाओं ने हिस्सा लिया.












