लखनऊ। प्रदेश के 54,109 आंगनबाड़ी केंद्रों और बालवाटिकाओं में बच्चों के लिए बने लर्निंग कार्नर को अब नए सिरे से समृद्ध किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक संबंधित विद्यालय को 5,000 रुपये की दर से कुल 27.05 करोड़ रुपये की धनराशि दी जाएगी। यह राशि विद्यालय प्रबंध समिति के खाते में एसएनए-स्पर्श पोर्टल के माध्यम से जारी होगी।
लर्निंग कार्नर में बच्चों की जरूरत के अनुसार चित्र व कहानी की किताबें, स्लेट, इंटरएक्टिव बुकमार्क, साक्षरता संबंधी पोस्टर, हिंदी-अंग्रेजी अक्षर सेट, रंगीन कागज और क्रेयान उपलब्ध कराए जाएंगे। आर्ट कार्नर में फल-सब्जी व जानवरों के प्लास्टिक मोल्ड, क्ले, सफेद कपड़ा और आर्ट शीट रखी जाएंगी।
उपलब्ध कराई जाएगी भारतीय मुद्रा किट
ब्लाक कार्नर में विभिन्न आकार और रंगों के ब्लाक, चित्र पहेली, संख्या सेट और खिलौना औजार शामिल होंगे। वहीं, परफार्मेंस कार्नर में बच्चों के लिए ड्रेस-अप कपड़े, कठपुतलियां, किचन सेट, डाक्टर सेट, सब्जी सेट और भारतीय मुद्रा किट उपलब्ध कराई जाएगी।
सामग्री की न्यूनतम संख्या तय की गई है, जिसे बजट उपलब्ध होने पर बढ़ाया जा सकेगा। प्रधानाध्यापक खरीदी गई सामग्री को स्टाक रजिस्टर में दर्ज कर आंगनबाड़ी कार्यकत्री या ईसीसीई एजुकेटर को उपलब्ध कराएंगे। नोडल शिक्षक, ईसीसीई एजुकेटर और आंगनबाड़ी कार्यकत्री मिलकर इसका संचालन करेंगे।












