रामपुर: रबी सीजन की तैयारी कर रहे किसानों के लिए इस बार राहत भरी खबर है. उत्तर प्रदेश में किसानों को गेहूं, चना, मटर, मसूर, जौ और सरसों जैसी रबी फसलों के प्रमाणित बीज 50 प्रतिशत तक अनुदान पर दिए जाएंगे. इस बार सिर्फ सब्सिडी ही नहीं बल्कि बीज वितरण का तरीका भी बदला गया है. अब पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी और जहां जरूरत पड़ेगी. वहीं लाभार्थियों का चयन ई-लॉटरी के जरिए किया जाएगा इसका मकसद यह है कि हर पात्र किसान को पारदर्शी तरीके से योजना का लाभ मिल सके.
अगर आप इस योजना का फायदा उठाना चाहते हैं तो सबसे पहले किसान पंजीकरण होना जरूरी है. इसके बाद किसान कृषि विभाग के पोर्टल या नजदीकी जन सेवा केंद्र (CSC) या राजकीय कृषि बीज भंडार के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन के दौरान किसान अपनी जरूरत के अनुसार फसल और बीज की किस्म का चयन करेंगे आवेदन पूरा होने के बाद उसका रिकॉर्ड ऑनलाइन दर्ज हो जाएगा.
ई-लॉटरी सिस्टम से मिलेगा बीज
उप कृषि निदेशक राम किशन सिंह के मुताबिक इस बार सबसे बड़ा बदलाव यह किया गया है कि अगर किसी जिले में बीज की मांग उपलब्ध स्टॉक से ज्यादा होती है तो लाभार्थियों का चयन ई-लॉटरी के जरिए किया जाएगा. यानी अब किसी तरह की सिफारिश या पहले पहुंचने का फायदा नहीं मिलेगा. जिन किसानों का नाम ई-लॉटरी में आएगा उनके मोबाइल पर सूचना भेजी जाएगी.
इसके बाद उन्हें एक ऑनलाइन टोकन मिलेगा और उसी टोकन के आधार पर तय तारीख पर सरकारी बीज भंडार से बीज लेना होगा. योजना के तहत किसानों को प्रमाणित और उन्नत किस्म के बीज दिए जाएंगे इन बीजों पर सरकार 50 प्रतिशत तक अनुदान दे रही है. जिससे किसानों की खेती की लागत कम होगी अच्छी गुणवत्ता वाले बीज इस्तेमाल करने से फसल का अंकुरण बेहतर होता है पौधे मजबूत बनते हैं और उत्पादन बढ़ने की संभावना भी अधिक रहती है.
मिनी सीड किट भी होगी उपलब्ध
जिले में किसानों को दलहन और तिलहन फसलों के मुफ्त मिनी सीड किट भी उपलब्ध कराए जाएंगे. इन मिनी किट का उद्देश्य किसानों को नई और उन्नत किस्मों की खेती के लिए प्रोत्साहित करना है. हालांकि इसका लाभ पात्र किसानों को ही मिलेगा और चयन विभाग की तय प्रक्रिया के अनुसार होगा. आवेदन करते समय किसानों को कुछ जरूरी दस्तावेज अपने साथ रखने होंगे इनमें आधार कार्ड, खतौनी, बैंक पासबुक और आधार से लिंक मोबाइल नंबर शामिल हैं. अगर किसान की जानकारी सही होगी तो आवेदन में किसी तरह की परेशानी नहीं आएगी गलत जानकारी या अधूरे दस्तावेज होने पर आवेदन निरस्त भी किया जा सकता है.












