मथुरा: यूपी में मथुरा-वृंदावन के स्थानिय लोगों को और आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए सबसे बढ़ी समस्या ट्रैफिक है. दिन व दिन यह ट्रैफिक जाम बढ़ता ही जा रहा है. मगर सोचकर देखो अगर मथुरा में ट्रैफिक जाम की समस्या खत्म हो जाए और बिना रुके फर्राटे से मथुरा से वृंदावन पहुंच सको तो? मजा आ जाएगा न. बस बिल्कुल यह सपना अब सच में बदलने जा रहा है और जल्द ही. योगी सरकार ने ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए एक बड़ी परियोजना को मंजूरी दे दी है. मछली फाटक से श्रीकृष्ण जन्मस्थान के गेट नंबर-3 तक करीब 3.5 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड बनाई जाएगी.
इस परियोजना में लगभग 350 करोड़ रुपये कुल खर्च आने की बात कही जा रही है. इसके साथ ही बस पार्किंग, संपर्क मार्ग और शहर के मुख्य चौराहों को भी बेहतर बनाए जाने की भी तैयारी है. शनिवार को इस परियोजना का प्रजेंटेशन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने भी किया गया.
धर्म नगरी मथुरा-वृंदावन में लगातार श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है. यह देखते हुए मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण (MVDA) ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कई विकास योजनाएं तैयार की हैं. एलिवेटेड रोड का निर्माण इनमें सबसे अहम है. मछली फाटक से श्रीकृष्ण जन्मस्थान तक 3.5 किलोमीटर की दूरी है. यह दूरी मौजूदा समय में 40 मिनट में तय हो पाती है. इस रास्ते पर रेलवे अंडरपास है और दोनों ओर पर्याप्त जगह नहीं होने की वजह से सड़क चौड़ी नहीं की जा सकती. लेकिन जब एलिवेटेड रोड बन जाएगा तो यही दूरी सिर्फ 5 से 7 मिनट में पूरी हो जाएगी.
इसी परियोजना के चलते जन्मस्थान के पास महाविद्या कॉलोनी में करीब चार एकड़ एरिया में बसों के लिए ओपन पार्किंग भी बनाई जाएगी. साथ ही पार्किंग तक पहुंचने के लिए 12.5 मीटर चौड़ा दो लेन लिंक रोड बनाए जाएंगे. वहीं श्रीकृष्ण जन्मभूमि की ओर जाने वाले मार्ग को जोड़ने के लिए 30 फीट चौड़ी सड़क का निर्माण किया जाएगा. स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए दोनों ओर 7.5-7.5 मीटर चौड़े दो कैरिज-वे और दो-दो मीटर चौड़े फुटपाथ भी विकसित किए जाएंगे.
इसके अलावा शहर के 17 बड़े तिराहों और चौराहों को भी बेहतर बनाया जाएगा. यहां ट्रैफिक व्यवस्था सुधारी जाएगी, ताकि वाहनों की आवाजाही आसान हो और जाम की समस्या कम हो सके. इस पर करीब 50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. अधिकारियों का कहना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों दोनों को ट्रैफिक जाम से काफी राहत मिलेगी और मथुरा-वृंदावन की यातायात व्यवस्था पहले से अधिक सुगम हो जाएगी.












