नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा एलान किया है। अब फाजिलनगर का नया नाम ‘पावागढ़’ होगा। यह नाम भगवान महावीर के नाम पर रखा जाएगा। इसके साथ ही CM योगी ने कुशीनगर को 424 करोड़ रुपए की 278 विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात भी दी है।
भगवान महावीर के नाम पर नई पहचान
कुशीनगर पहुँचे CM योगी ने कहा कि यह धरती भगवान राम के पुत्र कुश, भगवान बुद्ध और भगवान महावीर की है। स्थानीय विधायक और सांसद लंबे समय से फाजिलनगर का नाम बदलने की माँग कर रहे थे। सरकार ने अब इस माँग को स्वीकार करते हुए इसके नामकरण का आधिकारिक प्रस्ताव तैयार कर लिया है। इसे अब ‘पावागढ़’ के रूप में नई सरकारी मान्यता दी जाएगी।
यूपी से मच्छर और माफिया दोनों खत्म
CM योगी ने जनसभा को संबोधित करते हुए पिछली सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 9-10 साल पहले इस पावन धरती पर पहचान का संकट था। यहाँ खनन माफिया, भू-माफिया और जंगल पार्टी का भारी आतंक था।
गरीब भूख से मर रहा था और स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल थी। CM ने कहा कि हमारी सरकार ने यूपी से मच्छर और माफिया दोनों का इलाज कर उन्हें जड़ से खत्म कर दिया है। अब बीमारी और क्राइम दोनों दूर हो चुके हैं।
विपक्षियों पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने कॉन्ग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कॉन्ग्रेस ने आजादी के बाद राम मंदिर नहीं बनने दिया और सपा तो घोषित रामद्रोही है।
पहले किसानों को गन्ने की पर्ची तक नहीं मिलती थी। साल 2022 से पहले तमकुहीराज और फाजिलनगर के नाम पर सिर्फ मजाक होता था। लेकिन डबल इंजन की भाजपा सरकार आने के बाद ही राम भक्तों का संकल्प पूरा हो पाया है और चारों तरफ विकास हो रहा है।










