गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में चल रहे इंटरनेशनल ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश की असली ताकत दिखाई दे रही है. इस ट्रेड शो में राज्य के तमाम निर्मित उत्पादों के साथ गोरखपुर का प्रसिद्ध टेराकोटा उत्पाद भी प्रदर्शित किया गया है.
रविवार को शो में 1.5 लाख से अधिक लोग पहुँचे और सोमवार को भी भारी भीड़ उमड़ पड़ी. इस अंतराष्ट्रीय मंच पर 90 देशों के खरीदारों की मौजूदगी यूपी के बढ़ते सामर्थ्य को दर्शाती है.
साढ़े नौ सालों में बदला यूपी का माहौल, बीमारू से बना देश का ग्रोथ इंजन: सीएम योगी सोमवार को गोरखपुर के दिग्विजयनाथ स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एक बाल मेला सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि 2017 से पहले भी प्रदेश के पास अपार क्षमता थी, लेकिन तत्कालीन नेतृत्व के पास इच्छाशक्ति की कमी थी. इसी वजह से यूपी को देश के सबसे पिछड़े और बीमारू राज्यों में गिना जाता था. हालांकि बीते साढ़े नौ सालों के निरंतर प्रयासों से आज उत्तर प्रदेश अपनी पुरानी छवि से उबरकर देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन चुका है.
युवाओं को मिलीं 9.5 लाख सरकारी नौकरियां, पुलिस विभाग में पारदर्शी भर्तियां: मुख्यमंत्री ने बताया कि साढ़े नौ साल पहले राज्य में युवाओं के सामने पहचान का बड़ा संकट था और कानून-व्यवस्था भी खराब थी. उस समय पुलिस विभाग में दो लाख से अधिक पद खाली पड़े थे. सरकार में आने के बाद हर क्षेत्र में सुधार किए गए और भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया गया. बीते वर्षों में सरकार ने 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है, जिसमें अकेले यूपी पुलिस में 2 लाख 30 हजार भर्तियां शामिल हैं.












