लखनऊ। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की ओर से बुधवार को श्री सत्यनारायण सिंह खेल विकास संस्थान कछवां में वृहद रोजगार मेला आयोजित किया गया। रोजगार मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्य ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
साक्षात्कार द्वारा 13 कंपनियों ने 1549 अभ्यर्थियों में से 623 अभ्यर्थियों का चयन किया। मेले में अभ्यर्थियों को कंपनियों के प्रतिनिधियों ने विभिन्न पदों और रोजगार की उपलब्ध संभावनाओं की जानकारी दी। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया।
सहायक निदेशक सेवायोजन अशोक कुमार प्रजापति ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों में से 15 अभ्यर्थियों को मौके पर ही अतिथियों द्वारा ऑफर लेटर प्रदान किया गया।
रोजगार मेले में यूएसके स्टोलेशन (डिसेंट), भारतीय जीवन बीमा निगम, श्री श्याम मैनपावर सर्विस, महादेव हनुमत विजय, उद्योगटेक वेंचर प्राइवेट लिमिटेड तथा उमोजा मार्केट प्लस टेक्नोलॉजी प्रा. लि. समेत अन्य कंपनियां शामिल रहीं।
इसकी अध्यक्षता भाजपा कछवां मंडल अध्यक्ष पवन कुमार उपाध्याय ने की। रोजगार मेले में अधिक संख्या में युवाओं की सहभागिता रही। अधिकारियों और कंपनी प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों को रोजगार से जुड़ी आवश्यक जानकारी दी।












