नई दिल्ली। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से दुनियाभर के लोगों को राहत मिल रही है, लेकिन पेट्रोल-डीजल की कीमतों का गणित हर देश में अलग है. कहीं पेट्रोल 3 रुपये लीटर से भी कम में मिल रहा है, तो कहीं डीजल खरीदने के लिए 445 रुपये से ज्यादा खर्च करने पड़ रहे हैं. सबसे दिलचस्प बात यह है कि दुनिया के ज्यादातर देशों में डीजल पेट्रोल से महंगा बिक रहा है, जबकि भारत में इसका उलटा है. यहां पेट्रोल करीब 10 रुपये प्रति लीटर महंगा है.
19 नवंबर को जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, ब्रेंट क्रूड 92 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया है, जबकि WTI क्रूड 83 डॉलर प्रति बैरल पर है. इसके बावजूद भारत में पेट्रोल-डीजल के दाम में आज भी कोई बदलाव नहीं हुआ है.
दुनिया में पेट्रोल और डीजल के दाम में कितना अंतर है?
ग्लोबल पेट्रोल प्राइसेज डॉट कॉम के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, दुनिया में पेट्रोल की औसत कीमत 142.48 रुपये प्रति लीटर और डीजल की औसत कीमत 152.77 रुपये प्रति लीटर है. यानी दुनियाभर में डीजल औसतन पेट्रोल से 10.29 रुपये प्रति लीटर महंगा मिल रहा है. लेकिन भारत में तस्वीर बिल्कुल अलग है. यहां पेट्रोल का औसत भाव करीब 108 रुपये और डीजल का 98.10 रुपये प्रति लीटर है. यानी भारतीय ग्राहकों को डीजल पेट्रोल के मुकाबले सस्ता पड़ रहा है.
यूरोप के 26 देशों में डीजल पेट्रोल से महंगा क्यों है?
नवंबर 2026 के आंकड़ों के मुताबिक, यूरोपीय संघ के 27 देशों में से 26 देशों में डीजल की कीमत पेट्रोल से ज्यादा है. मसलन, स्वीडन में पेट्रोल 1.408 यूरो प्रति लीटर है, जबकि डीजल 1.910 यूरो में मिल रहा है. बेल्जियम में भी पेट्रोल 1.784 यूरो और डीजल 2.279 यूरो प्रति लीटर है. 16 नवंबर 2026 के EU Weekly Oil Bulletin के आंकड़ों में फिनलैंड, ऑस्ट्रिया, लिथुआनिया और लक्जमबर्ग में भी यही स्थिति देखने को मिली है.
आखिर पेट्रोल-डीजल के दाम इतने अलग क्यों हैं?
इसकी सबसे बड़ी वजह सरकारी टैक्स और सब्सिडी है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल सस्ता या महंगा होने का असर सभी देशों पर पड़ता है, लेकिन हर देश की सरकार अपने हिसाब से ईंधन पर टैक्स लगाती है और सब्सिडी देती है.
आमतौर पर अमीर देशों में पेट्रोल-डीजल महंगा होता है, जबकि कम आय वाले और तेल उत्पादक देशों में कीमतें कम रहती हैं. हालांकि, अमेरिका इसका अपवाद है, जहां बड़ी अर्थव्यवस्था होने के बावजूद पेट्रोल अपेक्षाकृत सस्ता है.
कीमतें अपडेट करने का तरीका भी अलग है. कई देशों में हर हफ्ते या महीने में रेट बदलते हैं. भारत में तेल कंपनियां रोजाना नए रेट जारी करती हैं, लेकिन कीमतों में बदलाव सरकार के फैसले पर निर्भर करता है. यहां मई 2026 के बाद से पेट्रोल-डीजल के दाम में बदलाव नहीं हुआ है. यानी कच्चा तेल सस्ता होने का मतलब यह नहीं कि हर देश में पेट्रोल-डीजल तुरंत सस्ता हो जाएगा. असली फर्क इस बात से पड़ता है कि वहां की सरकार ईंधन पर कितना टैक्स लगाती है और कीमतों को किस तरह नियंत्रित करती है.












