नई दिल्ली। हुनर और मेहनत के दम पर सफलता हासिल करने वाली ओडिशा की सुप्रीति महापात्रा ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है. पुरी के एक ऑटो रिक्शा चलाने वाले की बेटी सुप्रीति ने ITI के ऑटोमोबाइल ट्रेड में महिला उम्मीदवारों की कैटेगरी में पूरे देश में पहला स्थान हासिल किया है. बताया जा रहा है कि ऑटोमोबाइल ट्रेड में राष्ट्रीय स्तर पर यह उपलब्धि हासिल करने वाली वह ओडिशा की पहली लड़की हैं. उन्होंने दो वर्षीय कोर्स में 1,200 में से 1,194 अंक प्राप्त किए हैं.
उनकी इस उपलब्धि से परिवार और राज्य का नाम रोशन हुआ है. खास बात यह है कि ऑटोमोबाइल जैसे क्षेत्र में टॉप करने वाली सुप्रीति को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 नवंबर 2026 को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित करेंगे. सुप्रीति इस संस्थान में ऑटोमोबाइल ट्रेड में एडमिशन लेने वाली पहली छात्रा भी थीं. इस क्षेत्र में आमतौर पर पुरुषों की भागीदारी ज्यादा रही है. ऐसे में उनकी सफलता दूसरी लड़कियों को भी टेक्निकल एजुकेशन और स्किल बेस्ड कोर्सों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर सकती है.
ऑटो चालक हैं पिता, मां ने भी दिया साथ
सुप्रीति एक साधारण परिवार से आती हैं. उनके पिता चक्रपाणि महापात्रा ऑटो रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि उनकी मां लक्ष्मीप्रिया महापात्रा ने उनकी पढ़ाई में पूरा सहयोग दिया. रिजल्ट घोषित होने के बाद परिवार ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई. सुप्रीति ने अपनी सफलता का श्रेय टीचर्स के गाइडेंस और माता-पिता के प्रोत्साहन को दिया है. उनका कहना है कि पढ़ाई के दौरान परिवार और टीचर्स से मिले सहयोग ने उन्हें आगे बढ़ने में मदद की.
आगे टीचर बनना चाहती हैं सुप्रीति
ऑटोमोबाइल ट्रेड में देशभर में पहला स्थान हासिल करने के बावजूद सुप्रीति का सपना टीचर बनने का है. वह भविष्य में दूसरे स्टूडेंट्स को पढ़ाना और उन्हें टेक्निकल एजुकेशन के लिए प्रेरित करना चाहती हैं. उनकी सफलता बताती है कि मेहनत और सही गाइडेंस से किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ा जा सकता है.












