नई दिल्ली। फिलीपींस के दो दिवसीय दौरे पर गए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को मनीला के एतिहासिक खालसा दीवान गुरुद्वारे में मत्था टेका. उन्होंने इस सिख और पंजाबी समुदाय के सबसे बड़े धार्मिक केंद्र के पुनर्विकास कार्यों का भी शुभारंभ किया. इस 100 साल पुराने गुरुद्वारे का अब कायाकल्प किया जाएगा और इसे भव्य इमारत में बदला जाएगा. ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसमें अरदास कर सकें.
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला में ऐतिहासिक खालसा दीवान गुरुद्वारे के पुनर्निर्माण की आधारशिला रखने के साथ ही गुरुद्वारे में आयोजित अरदास में हिस्सा लिया. प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया के जरिए समारोह की तस्वीरें साझा कीं और भावुक पोस्ट भी किया.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में कहा, “मैं खुद को बहुत भाग्यशाली मानता हूं कि मैं मनीला के गुरुद्वारा खालसा दीवान में आ पाया.”
100 साल पुराना है गुरुद्वारा
खालसा दीवान गुरुद्वारा फिलीपींस का सबसे पुराना गुरुद्वारा है. इसकी स्थापना 1920 के दशक में हुई थी. यह मनीला में रहने वाले सिख और पंजाबी समुदाय के लिए लंबे समय से धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है.
अब होगा कायाकल्प
जानकारी के मुताबिक ऐतिहासिक गुरुद्वारे को एक आधुनिक और भव्य 5 मंजिला कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें समुदाय के लिए पर्याप्त स्थान और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी.
17 नवंबर बहुत खास दिन
सोमवार को भी प्रधानमंत्री ने आधिकारिक एक्स अकाउंट से इस समारोह के प्रति अपनी खुशी व्यक्त की थी. पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा, “17 नवंबर, एक बहुत ही खास दिन है. मुझे मनीला के ऐतिहासिक गुरुद्वारा खालसा दीवान में पुनर्विकास कार्यों की शुरुआत के अवसर पर आयोजित समारोह में शामिल होने का सौभाग्य मिलेगा. यह गुरुद्वारा एक सदी से भी अधिक पुराना है और इसका बहुत बड़ा आध्यात्मिक महत्व है.”
उन्होंने आगे कहा कि सिख समुदाय ने गुरु साहिबानों की शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर विश्व स्तर पर मानवता और सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है.
जल्द भारत पर होंगी दुनिया की नजरें
प्रधानमंत्री आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए सोमवार को फिलीपींस पहुंचे, जहां भारतीय समुदाय ने उनका दिल खोलकर स्वागत किया. पीएम मंगलवार को 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन (ईएएस) में हिस्सा लेंगे. इस दिन पूरी दुनिया की नजरें भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के नेताओं पर टिकी रहेंगी.
यहां क्वाड देशों के नेताओं की प्रस्तावित बैठक करीब दो साल बाद इस समूह को फिर शीर्ष स्तर पर एक साथ लाने जा रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की संभावित मुलाकात भी इस बैठक का एक महत्वपूर्ण पहलू होगी.












