नई दिल्ली। छठ महापर्व के आखिरी दिन सोमवार को बड़ी संख्या में छठ व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं ने उगते सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर चार दिवसीय कठिन व्रत का समापन किया। इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता हाथी घाट पहुंचीं और छठ व्रतियों के साथ पूजा-अर्चना में शामिल होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं के बीच मुख्यमंत्री ने भी पूरे उत्साह के साथ छठ महापर्व की परंपराओं में भागीदारी की और सभी को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पूरी तरह पूर्वांचल की लोक संस्कृति और परंपराओं के रंग में रंगी नजर आईं। पारंपरिक परिधान में सजी मुख्यमंत्री ने छठ व्रती माताओं और बहनों के साथ मिलकर छठ के पारंपरिक गीत गाए और उनके साथ इस पावन पर्व की खुशियां साझा कीं। उन्होंने छठ व्रती महिलाओं के साथ पारंपरिक रस्मों में भाग लिया और सिंदूर लगाकर उनके साथ पर्व की खुशियां मनाई और छठी मैया का आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने व्रतियों से मुलाकात कर उनका अभिवादन किया और सभी को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व दिल्ली में रहने वाले पूर्वांचल के लाखों भाई-बहनों के लिए आस्था और भावनाओं से जुड़ा एक महत्वपूर्ण पर्व है। आज यमुना के घाटों पर पूरा समाज एक साथ छठी मैया की आराधना कर रहा है। पूर्वांचल के लोगों ने अपनी मेहनत और योगदान से दिल्ली को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वे दिल्ली परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं और उनकी संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों का सम्मान करना सरकार का दायित्व है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध लोक संस्कृति, पारिवारिक एकजुटता, अनुशासन, स्वच्छता और सामाजिक समरसता का भी प्रतीक है। यह पर्व हमें प्रकृति के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव सिखाता है। उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर व्रती जीवन में नई ऊर्जा, आशा और सकारात्मकता का स्वागत करते हैं।
मुख्यमंत्री ने छठी मैया के चरणों में प्रार्थना करते हुए कहा कि उनका आशीर्वाद देश और दिल्ली के सभी नागरिकों पर बना रहे। ताकि विकसित भारत और विकसित दिल्ली का संकल्प साकार हो और देश का हर परिवार सुख, समृद्धि और खुशहाली प्राप्त करे।
उगते सूर्य को अर्घ्य के लिए सुबह 4:30 बजे से चली दिल्ली मेट्रो
छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को सुबह-सुबह घाटों तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मुख्यमंत्री के निर्देश पर दिल्ली मेट्रो ने विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की। उषा अर्घ्य के पावन अवसर पर दिल्ली मेट्रो की सेवाएं सुबह 4:30 बजे से शुरू की गईं। शुरुआती समय में सभी मेट्रो लाइनों पर प्रत्येक 15 मिनट में ट्रेन उपलब्ध कराई गई, ताकि छठी मैया की आराधना के लिए निकलने वाली माताओं, बहनों, बुजुर्गों और लाखों श्रद्धालुओं को समय पर घाटों तक पहुंचने में सुविधा हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने छठ व्रतियों की हर छोटी-बड़ी सुविधा का ध्यान रखा है। हमारी कोशिश है कि किसी भी व्रती की पूजा में कोई बाधा न आए, हर परिवार समय पर घाट पहुंचे और श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ उगते सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर सकें।












