भदोही। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर उत्तर प्रदेश के बढ़ते निर्यात और भदोही के कालीन उद्योग को लेकर जानकारी साझा की. उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में प्रदेश का निर्यात करीब 2.27 गुना बढ़ा है और यह आंकड़ा 2 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है. उत्तर प्रदेश देश का पांचवां सबसे बड़ा निर्यातक राज्य है. इसमें भदोही के कालीन उद्योग की महत्वपूर्ण भूमिका है.
भदोही के हुनर को मिला वैश्विक बाजार
सीएम योगी ने कहा कि भदोही के कारीगरों ने अपने हुनर के दम पर कालीन को दुनिया तक पहुंचाया है. उनके मुताबिक, 2017 से पहले कारीगर बुनियादी सुविधाओं और अवसरों का इंतजार करते रहे, जबकि अब सरकार के प्रयासों से यह हुनर विकास और वैश्विक बाजार से जुड़ रहा है. उन्होंने कहा कि हाथ से तैयार किए जाने वाले भदोही के कालीनों की मांग दुनियाभर में सबसे अधिक है. ये कालीन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश के हुनर की पहचान बना रहे हैं.
निर्यातकों और उद्यमियों से संवाद करेंगे सीएम
मुख्यमंत्री ने बताया कि वह एशिया के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय हस्तनिर्मित कालीन व्यापार मेले ‘इंडिया कारपेट एक्सपो’ के स्वर्ण जयंती संस्करण का शुभारंभ करेंगे. इस दौरान वह कालीन उद्योग से जुड़े निर्यातकों, विक्रेताओं और उद्यमियों से भी संवाद करेंगे. सीएम ने कहा कि कारीगरों के हुनर को सम्मान, कारोबार को विस्तार और युवाओं को रोजगार के साथ भदोही की समृद्धि नए उत्तर प्रदेश की पहचान बन रही है.
भदोही, औराई और ज्ञानपुर को 1,340 करोड़ की सौगात
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस मौके पर भदोही, औराई और ज्ञानपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 1,340 करोड़ रुपये से अधिक की 112 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास होगा. इसके अलावा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को भी हितलाभ प्रदान किए जाएंगे.












