लखनऊ : यूपी में नागरिक सुविधाओं के लिए हाल ही में शुरू की गई भारत टैक्सी सेवा अब दूसरे शहरों में भी चलेगी. इस सेवा को एक माह के अंदर प्रदेश के 12 जिलों में शुरू कर दिया जाएगा. जिससे आने वाले दिनों में त्योहार के दौरान लोगों को इस सुविधा का लाभ मिल सके.
प्रदेश में शुरू हुई भारत टैक्सी सेवा का संचालन अभी तक लखनऊ, वाराणसी, कानपुर और प्रयागराज तक सीमित है, लेकिन आने वाले दिनों में त्योहार को देखते हुए इस सेवा को अन्य शहरों में शुरू किए जाने की दिशा में प्रयास चल रहा है.
उत्तर प्रदेश के ज्यादातर शहरों में भारत टैक्सी के विस्तार के लिए ग्राउंड ऑनबोर्डिंग और ड्राइवर पंजीकरण का काम शुरू हो गया है. इससे ऐप आधारित टैक्सी सेवा के अंतर्गत अयोध्या और मेरठ को जोड़ने की तैयारी है.
मथुरा से मिर्जापुर तक मिलेगी टैक्सी सेवा : भारत टैक्सी सेवा के अगले चरण में मथुरा, फिरोजाबाद, मुजफ्फरनगर, हापुड़, सीतापुर, हाथरस, इटावा, मिर्जापुर और रायबरेली में भी भारत टैक्सी की सेवा शुरू करने की तैयारी है. इन शहरों में ड्राइवर और वाहनों को प्लेटफॉर्म से जोड़ने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है. इसके तहत धार्मिक और पर्यटन के नजरिये से अयोध्या, मथुरा और आगरा जैसे शहरों को भी जोड़ा जाएगा.
कार ही नही बाइक और ऑटो चालक भी आएंगे दायरे में : भारत टैक्सी सेवा के तहत अभी तक रेंटल और इंटरसिटी सेवा का संचालन हो रहा है. जिसके अंतर्गत आम आदमी कार की बुकिंग कर सकते थे, लेकिन सेवा विस्तार के क्रम में अब ऑटो चालक और बाइकर्स को भी शामिल किया जा रहा है. जिससे आम जनता को सुरक्षित और सस्ती सेवा उपलब्ध हो सके. उत्तर प्रदेश में अभी 50 हजार से अधिक चालक भारत टैक्सी से जुड़ चुके हैं. नए शहरों में ऑनबोर्डिंग शुरू होने के साथ यह संख्या और बढ़ने की उम्मीद है.
त्योहार से पहले नेटवर्क बढ़ाने पर जोर : प्रदेश के सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने बताया कि अक्टूबर में नवरात्र और इसके बाद दिवाली के दौरान शहरों में बाजारों, धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर यात्रियों का दबाव बढ़ता है. इसी को देखते हुए नए शहरों में नेटवर्क तैयार करने की प्रक्रिया तेज की गई है. जिससे नए शहरों को जोड़ा जा सके. उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में दूसरे शहरों में भी इस सेवा का लाभ नागरिकों को मिल सकेगा.
एक नजर में विस्तार
अभी सुविधा : लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी, कानपुर, प्रयागराज.
नवरात्र से पहले तैयारी : अयोध्या, आगरा, मेरठ.
अगले चरण में: फिरोजाबाद, मुजफ्फरनगर, मथुरा, हापुड़, सीतापुर, हाथरस, इटावा, मिर्जापुर और रायबरेली.
प्रदेश में जुड़े ड्राइवर: 50 हजार से अधिक.












